Rajasthan Board RBSE 10th Result 2026: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने मंगलवार को 10वीं का रिजल्ट जारी किया। इस साल कुल परिणाम 94.23 प्रतिशत रहा है जो कि पिछले साल से 1.17 फीसदी अधिक है। पिछले साल दसवीं का रिजल्ट 93.06 फीसदी रहा था। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अजमेर स्थित कार्यालय से शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दोपहर करीब एक बजे रिजल्ट जारी किया। सूबे में इस बार भी लड़कियों ने बाजी मरी है। लड़कियों का पास फीसदी लड़कों से ज्यादा रहा है। दसवीं कक्षा में लड़कों का रिजल्ट 93.63 फीसदी रहा है जबकि लड़कियों का रिजल्ट 94.90 फीसदी रहा है।
सीकर की चेष्टा शर्मा ने 99 फीसदी नंबरों से किया टॉप
सीकर की प्रिंस स्कूल ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में परचम लहराया है। इस स्कूल की छात्रा चेष्टा शर्मा ने 99.00 फीसदी नंबरों से दसवीं कक्षा में टॉप किया है। चेस्टा शर्मा के शानदार प्रदर्शन के बाद स्कूल में जश्न का माहौल है। बता दें कि रिजल्ट जारी होने के तुरंत बाद बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट में कुछ वक्त के लिए टेक्नीकल दिक्कत आई है। रिजल्ट के लिंक खुलने में दिक्कत हो रही है।
यह पहला मौका है जब 10वीं का परिणाम 12वीं से पहले जारी किया गया है। इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू हुई थीं। इस साल 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित की गई थीं। विद्यार्थी राजस्थान बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in और rajresults.nic.in के जरिए अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को बोर्ड की वेबसाइट के होमपेज पर RBSE 10th Result 2026 या Secondary Result 2026′ लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद विद्यार्थियों को अब अपना Roll Number दर्ज करना होगा और फिर View Result पर क्लिक कर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।











