किसी ने ठीक ही कहा है कि ‘लातों के भूत बातों से नहीं मानते’ वैसे तो ये एक कहावत है, लेकिन पाकिस्तान पर ये हमेशा फिट बैठती है। ऑपरेशन सिंदूर में तुर्की की मदद लेने के बाद भी भारत के सामने तीन दिन भी नहीं टिक पाया, लेकिन पूर्व पाकिस्तानी राजनयिक अब्दुल बासित कहता है कि अगर अमेरिका उसके परमाणु ठिकानों पर हमला करता है तो पाकिस्तान भारत पर हमला कर सकता है, खासकर मुंबई और नई दिल्ली को निशाना बनाकर।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बासित ने ये बात एक साक्षात्कार में कही है। बासित का कहना है कि पाकिस्तान की मिसाइलें अमेरिका या इजरायल तो पहुंच नहीं सकती हैं, इसलिए हमारे बगल में भारत ही बचता है, जिस पर हमला किया जाएगा।
कौन है अब्दुल बासित?
अब जरा इसके बारे में जानते हैं। अब्दुल बासित पाकिस्तान के रिटायर्ड डिप्लोमैट हैं। उन्होंने 2014 से 2017 तक भारत में पाकिस्तान के हाई कमिश्नर के तौर पर काम किया। वे पाकिस्तान के विदेश सेवा में लंबे समय तक रहे और भारत के साथ संबंधों के दौरान काफी चर्चा में रहे थे।
बासित का पूरा बयान
एक टीवी इंटरव्यू में बासित ने हाइपोथेटिकल स्थिति को लेकर बात करते हुए यह कहा। बासित का कहना था, “अगर अमेरिका पाकिस्तान पर हमला करता है, तो हमें भारत पर हमला करना होगा, मुंबई, नई दिल्ली, बिना किसी हिचकिचाहट के। हम इसे नहीं छोड़ेंगे, बाद में देखेंगे क्या होता है।”
यहीं नहीं वह आगे कहता है कि अगर कोई पाकिस्तान को बुरी नजर से देखता है, तो पाकिस्तान के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचेगा सिवाय भारत पर हमला करने के, जहां चाहे वहां। उन्होंने यह भी माना कि अमेरिका या इजरायल पाकिस्तान के मिसाइल रेंज में नहीं आते, इसलिए ऐसी स्थिति में भारत ही टारगेट बन सकता है। बासित ने इसे “सबसे बुरी स्थिति” या बहुत कम संभावना वाली बात बताया और कहा कि ऐसा होना नामुमकिन जैसा है। न तो भारत ऐसा चाहता है और न ही पाकिस्तान। लेकिन अगर ऐसा हो जाए, तो पाकिस्तान को भारत पर हमला करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि बासित ने ये बयान खाड़ी युद्ध के संदर्भ में दिया है, जहां अमेरिका तक न पहुंच पाने की स्थिति में ईरान खाड़ी के देशों को ही निशाना बना रहा है।











