व्रत के दिनों में अक्सर कुछ मीठा खाने का मन करता है, लेकिन बाजार की मिठाइयों पर पूरी तरह भरोसा करना थोड़ा मुश्किल होता है। इसलिए अगर आप घर पर ही कुछ मीठा और शुद्ध बनाना चाहते हैं, तो पेडा एक बहुत अच्छा विकल्प है। इसे बनाना बहुत आसान है और इसमें ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती। इस पेडे को बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती। बस 1 कप मावा (खोया), आधा कप पिसी हुई चीनी, 2 चम्मच घी, 4-5 पीसी हुई इलायची और थोड़े से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स जैसे बादाम और पिस्ता ले लें।
सबसे पहले गैस पर एक कढ़ाही रखें और उसमें मावा डाल दें। अब धीमी आंच पर मावा को भूनना शुरू करें। ध्यान रखें कि आंच तेज न हो, नहीं तो मावा जल सकता है। इसे लगातार चलाते रहें ताकि यह अच्छे से भुन जाए। करीब 5 से 7 मिनट में मावा हल्का नरम और खुशबूदार हो जाएगा। जब मावा हल्का सुनहरा रंग का दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें। यह स्टेप बहुत जरूरी है। जब मावा गुनगुना रह जाए, तब उसमें पिसी हुई चीनी डालें और अच्छे से मिला लें। अगर आप बहुत गर्म मावा में चीनी डालेंगे, तो चीनी पिघल जाएगी और पेडा सही से नहीं बनेगा। अब इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। इलायची डालने से पेडे का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं।
इसके बाद अपने हाथों में थोड़ा सा घी लगा लें, ताकि मावा चिपके नहीं। अब मावा के छोटे-छोटे हिस्से लेकर उन्हें गोल या हल्का चपटा आकार दें। इसी तरह सारे पेडे बना लें। ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता लगाकर हल्का दबा दें। अब आपके स्वादिष्ट व्रत वाले पेडे तैयार हैं। आप इन्हें तुरंत खा सकते हैं या चाहें तो थोड़ी देर फ्रिज में रखकर ठंडा भी कर सकते हैं। यह पेडे खाने में बहुत टेस्टी होते हैं और पूरी तरह शुद्ध भी। अगली बार जब व्रत में मीठा खाने का मन हो, तो इस आसान रेसिपी को जरूर बनाकर देखें।











