बुधवार, 18 मार्च को घरेलू फ्यूचर मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों और खरीदारों का ध्यान इस ओर गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा करीब 500 रुपये तक गिरकर ट्रेड करता नजर आया।
एमसीएक्स पर 2 अप्रैल 2026 एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर 1,55,658 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 1,55,985 रुपये पर बंद हुआ था। सुबह लगभग 9:50 बजे सोना 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,55,488 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। शुरुआती कारोबार में इसने 1,55,788 रुपये का उच्च स्तर भी छुआ, लेकिन बाद में इसमें नरमी देखने को मिली।
वहीं चांदी की बात करें तो 5 मई 2026 एक्सपायरी वाला सिल्वर वायदा भी गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा। यह करीब 0.93 प्रतिशत यानी लगभग 2300 रुपये टूटकर 2,50,750 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। चांदी ने दिन की शुरुआत 2,51,498 रुपये से की थी और इसका उच्चतम स्तर 2,51,639 रुपये रहा। अगर स्पॉट मार्केट की बात करें, तो दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में 10 ग्राम चांदी की कीमत 2,650 रुपये रही, जबकि 100 ग्राम चांदी 26,500 रुपये में बिक रही है। चेन्नई में चांदी की कीमत थोड़ी अधिक रही, जहां 10 ग्राम का भाव 2,801 रुपये दर्ज किया गया।
अलग अलग शहरों में सोने के दाम- सोने के दाम भी अलग-अलग शहरों में अलग स्तर पर देखने को मिले। दिल्ली और लखनऊ में 24 कैरेट सोना 1,58,240 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि मुंबई और कोलकाता में यह 1,57,750 रुपये पर रहा। चेन्नई में सोना सबसे महंगा रहा, जहां 24 कैरेट का भाव 1,59,810 रुपये तक पहुंच गया। विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, डॉलर की मजबूती और मुनाफावसूली जैसे कारणों से सोने-चांदी की कीमतों में यह गिरावट देखी जा रही है। हालांकि, लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह गिरावट खरीदारी का अवसर भी बन सकती है।
















