देहरादून: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड प्रांत की ओर से बुधवार को देहरादून स्थित विश्व संवाद केन्द्र कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। उत्तराखंड के प्रांत कार्यवाह दिनेश जी सेमवाल ने अपने संबोधन में संघ शताब्दी वर्ष के दौरान देश और उत्तराखंड में संपन्न हुए अभी तक के कार्यक्रमों के विषय में जानकारी दी।
संगठन विस्तार और राष्ट्रीय पुनर्जागरण पर जोर
दिनेश जी सेमवाल ने बताया कि हरियाणा के समलखा में 13 से 15 मार्च 2026 तक आयोजित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा बैठक 2026 के संदर्भ मे बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक में देशभर से 1493 कार्यकर्ताओं की अपेक्षा थी, जिनमें से 1438 कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने बैठक में लिए गए विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णयों और प्रस्तावों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी। उन्होंने बताया कि सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले द्वारा संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर विशेष वक्तव्य दिया गया। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण, सामाजिक एकता तथा राष्ट्रीय पुनर्जागरण को प्रमुख लक्ष्य के रूप में निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष के संकल्प के तहत विश्व शांति और समृद्धि के लिए समरस एवं संगठित हिन्दू समाज के निर्माण पर बल दिया गया। श्री सेमवाल ने बताया कि इसके अतिरिक्त प्रतिनिधि सभा द्वारा बांग्लादेश में हिंदुओं के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए वहां की सरकार से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह भी किया गया।
पत्रकार वार्ता में श्री सेमवाल ने बताया कि ‘हिन्दू सम्मेलन’ के माध्यम से पंच परिवर्तन का आह्वान किया गया है। साथ ही गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस तथा वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख संजय जी ,विश्व संवाद केंद्र के पदाधिकारी एवं विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















