मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के बीच एक तरफ केंद्र सरकार तेल और गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने में लगी है, तो दूसरी ओर कुछ तत्व ऐसे भी हैं जो कि कालाबाजारी को बढ़ावा देकर समस्या को और अधिक बढ़ाने में लगे हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले का है, जहां इन दिनों रसोई गैस के सिलेंडर की कमी की खबरें आ रही है। इस बीच पुलिस ने समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल रेहान के यहां बड़ा छापा मारते हुए बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों को जब्त किया है।
असौड़ा गांव की है घटना
रिपोर्ट्स के अनुसार, ये घटना जिले के गांव असौड़ा की है। जहां गांव में पंचायती घर के पास रहने वाले अब्दुल रेहान के घर पर पुलिस और जिला पूर्ति विभाग की टीम ने छापा मारा। अब्दुल रेहान समाजवादी पार्टी (सपा) का नेता है। कुछ लोग उसे मेरठ के खरखौदा इलाके से गैस डिस्ट्रीब्यूटर भी बताते हैं। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि उनके घर में अवैध तरीके से गैस सिलेंडर जमा किए जा रहे हैं।
55 भरे सिलेंडर और कई खाली मिले
छापे के दौरान टीम को अब्दुल रेहान के घर से 55 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए। इसके अलावा कई खाली सिलेंडर भी मिले। सभी सिलेंडरों को पुलिस ने जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए एजेंसी को सौंप दिया।
आरोपी फरार
छापे की खबर लगते ही अब्दुल रेहान घर से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह सिलेंडर 2 हजार रुपये तक में बेच रहा था। जबकि बाजार में कमी के कारण सामान्य दाम से काफी ज्यादा कीमत चल रही है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गैस सिलेंडर की किल्लत बताई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने भी शासनादेश जारी कर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने और गैस का सामान्य वितरण सुनिश्चित करने को कहा है। पुलिस और राजस्व विभाग को ऐसे मामलों में तुरंत एक्शन लेने के आदेश हैं।












