तेहरान, (हि.स.)। अमेरिका-इजरायल के सैन्य अभियान में 28 फरवरी को मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे अयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी चुन लिया गया है। 88 सदस्यीय एक्सपर्ट्स असेंबली (मजलिस-ए-खोबरेंगान-ए-रहरी) ने मोजतबा का ईरान के सर्वोच्च नेता (iranian supreme leader) के रूप में चुनाव किया। इस असेंबली को ईरान की सबसे ताकतवर धार्मिक विशेषज्ञ सभा कहा जाता है।
तेहरान की अर्ध सरकारी न्यूज एजेंसी तसनीम की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की एक्सपर्ट्स असेंबली ने अयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई को इस्लामिक क्रांति का नया लीडर चुना। असेंबली ने कहा कि मोजतबा के पिता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई ने 1989 में इमाम खुमैनी की मौत के बाद 37 साल तक ईरान का नेतृत्व किया। उनकी शहादत के बाद असेंबली ने मोजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी चुन लिया।
मोजतबा लंबे समय से थे दावेदार
यह फैसला ऐसे समय लिया गया जब अयातुल्ला खामेनेई की हत्या के बाद शुरू हुआ युद्ध अब एक नाटकीय मोड़ पर पहुंच गया है। मोजतबा खामेनेई को लंबे समय से इस पद का संभावित दावेदार माना जा रहा था। उल्लेखनीय है कि मोजतबा ने इससे पहले कभी भी किसी सरकारी पद के लिए चुनाव नहीं लड़ा और न ही उन्हें किसी पद पर नियुक्त किया गया। मोजतबा सेना और शक्तिशाली अर्धसैनिक संगठन रिवोल्यूशनरी गार्ड के सर्वोच्च कमांडर भी होंगे।
ट्रंप ने कहा- खामेनेई का बेटा स्वीकार नहीं
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कह चुके हैं कि खामेनेई का बेटा उन्हें स्वीकार नहीं है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने बयान जारी कर मोजतबा खामेनेई के समर्थन का ऐलान किया है। वहीं, हिजबुल्लाह ने टेलीग्राम पर उनकी तस्वीर साझा करते हुए इस्लामी क्रांति का नेता बताया।

















