टी 20 विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर भारत फाइनल में पहुंच गया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ने 7 रनों से जीत दर्ज की। जेकब बेथेल के शानदार बल्लेबाजी भी काम नहीं आई। भारत की ओर से संजू सैमसन ने बेहतरीन पारी खेली।
इंग्लैंड ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने पहले खेलते हुए सात विकेट पर 253 रन बनाए। भारत की ओर से संजू सैमसन ने सात छक्के और 8 चौकों की मदद से धुआंधार 89 रनों की पारी खेली। ईशान किशन ने 39 और शिवम दुबे ने 43 रन बनाए। हार्दिक पांड्या 27 रन, तिलक वर्मा 21, अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल 2 रन बनाकर नाबाद रहे। संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की ओर जेकब बेथेल ने शतक ठोका। लेकिन उनका शतक जीत नहीं दिला सका। जेकब 105 रन बनाकर रनआउट हुए। इस आतिशी पारी में उन्होंने सात छक्के और आठ चौके जड़े। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट, जबकि अर्शदीप सिंह, बुमराह वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिए। इंग्लैंड की टीम ने बीस ओवर में सात विकेट खोकर 246 रन बनाए।
फाइनल में अब भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।















