उत्तर प्रदेश के लखनऊ से ऐसी घटना प्रकाश में आई है, जिसने सनसनी मचा दी है। दरअसल, शहर में एक वेज बिरयानी की दुकान के फ्रीजर में 35 साल के एक आदमी की लाश मिली है। इसके बाद चारों तरफ हड़कंप मच गया।
क्या है पूरा मामला
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, घटना शहर के बक्शी का तालाब इलाके की है। यहीं पर शनि रावत नाम के व्यक्ति की एक वेज बिरयानी की दुकान है। उसी की दुकान के फ्रीजर में विजय पाल नाम के व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले की जानकारी दुकान के मालिक शनि ने ही पुलिस को दी। शनि का कहना है कि चार दिन पहले उसके पिता की मृत्यु हो गई थी। जिसके चलते वो अपनी दुकान को बंद करके घर गया था।
जब शनि घर गया था, उस दौरान तो सब ठीक था। लेकिन जब रविवार को वापस आया और दुकान खोला व फ्रीजर देखा तो उसके अंदर शव को देखकर चौंक गए। इसके बाद तुरंत शोर मचाते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मृतक विजय पाल किशनपुर माजरा का रहने वाला था और दिहाड़ी मजदूर के तौर पर कार्य कर रहा था। पता ये भी चला है कि करीब पांच साल पहले वह अपनी पत्नी से अलग हो गया था और शराब की लत लग गई थी। इस घटना को लेकर ADCP (नॉर्थ ज़ोन) ऋषभ रनवाल ने कहा कि पोस्टमॉर्टम से मौत की सही वजह का पता नहीं चल सका है।











