संभल जनपद में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने वाली मुस्लिम महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को जान से मारने की धमकी मिल रही है। इन दोनों लोगों को सोशल मीडिया पर लगातार धमकी दी जा रही है।
तमन्ना मलिक को लगातार जान से मारने की मिल रही धमकियां
तमन्ना मलिक का कहना है कि वह अपनी मनोकामना पूर्ण करने के लिए कावड़ लेकर शिवरात्रि के दिन शिव मंदिर में गई थी। जहां पर उसका स्वागत भी हुआ था और पुलिस ने सुरक्षा भी प्रदान की थी। लेकिन कुछ लोगों को यह बात इतनी खराब लगी कि वो लोग लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। तमन्ना मलिक ने थाने पर पहुंचकर के तहरीर दी और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार तमन्ना मलिक संभल जनपद के असमोली थाना क्षेत्र के बदनपुर बसई गांव की रहने वाली है। महाशिवरात्रि के दिन वह कावड़ लेकर शिव मंदिर में गई थी और वहां पर उसने जलाभिषेक किया था। तमन्ना मलिक और उसके पति अमन त्यागी का कहना है कि कट्टरपंथी लोग लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कह रहे हैं कि जिंदा जला दिया जाएगा। तमन्ना मलिक का कहना है कि कोई भी महिला निर्भय होकर के अपना मार्ग चुन सकती है। किसी को इसमें आपत्ति नहीं होनी चाहिए। वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर संभल पहुंची तो बहुत से लोगों ने उसका स्वागत किया। यहां तक की कई महिलाएं उसके साथ तस्वीर लेने को उत्सुक थीं। लेकिन कट्टरपंथी लोग लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

















