केरल के पथनमथिट्टा जिले में एक महिला की आत्महत्या के मामले में युवा कांग्रेस नेता सुहैल अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। सुसाइड नोट में सुहैल अंसारी का नाम लिखा गया है, जिससे यह घटना चर्चा में है। दरअसल, महिला ने यूथ कांग्रेस नेता को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट में महिला ने सुहैल पर आरोप लगाया है कि वह उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहता और उससे प्राइवेट फोटो मांगता था। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शारीरिक संबंध बनाने, प्राइवेट फोटो मांगने का आरोप
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुहैल कोल्लम जिले के पोरुवाझी का निवासी है और युवा कांग्रेस का राज्य सचिव है। पथनमथिट्टा के कदंबनाड इलाके में शनिवार (14 फरवरी) को 37 वर्षीय महिला अपने घर पर फंदे पर लटकी हुई मिली थी। वह एक स्कूल में काम करती थी। घटनास्थल पर जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट में स्पष्ट रूप से लिखा था कि 33 वर्षीय सुहैल अंसारी उसकी मौत के लिए जिम्मेदार है। नोट में महिला ने यह भी दावा किया कि सुहैल ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। वह उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता और उससे प्राइवेट फोटो मांगता था। उसकी इन गलत हरकतों से तंग आकर वह आत्महत्या करने पर मजबूर हुई। सुसाइड नोट के आधार पर अदूर के एनाथ पुलिस स्टेशन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवा कांग्रेस नेता सुहैल अंसारी को बुधवार (18 फरवरी) को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले की गहन जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, सुसाइड नोट की सत्यता, महिला की मौत के अन्य संभावित कारणों और सुहैल के साथ उसके संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों का भी इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सुहैल की भूमिका की पुष्टि होने पर उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















