आजकल लोग ताजी और शुद्ध सब्जियां घर पर उगाने की ओर अधिक ध्यान देने लगे हैं। खीरा एक ऐसी सब्जी है जिसे घर पर आसानी से उगाया जा सकता है। यह न केवल सेहत के लिए फायदेमंद है, बल्कि इसे उगाने में मेहनत भी कम लगती है। सही तरीके और थोड़ी देखभाल से आप अपने घर की छत, बालकनी या आंगन में भरपूर मात्रा में खीरा उगा सकते हैं।
खीरा उगाने के लिए सबसे पहले अच्छी गुणवत्ता वाले बीज चुनें। बाजार से हाइब्रिड या देसी किस्म के बीज ले सकते हैं। इसके बाद गमला या ग्रो बैग लें, जिसमें नीचे पानी निकलने के लिए छेद हों। मिट्टी तैयार करने के लिए सामान्य बगीचे की मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट मिलाएँ। यह मिश्रण पौधों को आवश्यक पोषण देता है। अब बीज बोने की प्रक्रिया शुरू करें। मिट्टी में लगभग आधा इंच गहराई पर 2 से 3 बीज डालें और हल्की मिट्टी से ढक दें। इसके बाद हल्का पानी दें ताकि मिट्टी नम बनी रहे। बीज अंकुरित होने में आमतौर पर 5 से 7 दिन लगते हैं। जब पौधे निकल आएँ, तो कमजोर पौधों को हटाकर मजबूत पौधा रहने दें।
यह भी पढ़ें- Kitchen Garden Tips: अब महंगी सब्जियां खरीदने की जरूरत नहीं, घर पर उगाइए ताजी सब्जियां आसानी से
खीरे के पौधे को अच्छी धूप की आवश्यकता होती है। प्रतिदिन कम से कम 5 से 6 घंटे की धूप मिलना जरूरी है। इसके साथ ही नियमित रूप से पानी देना भी आवश्यक है, लेकिन ध्यान रखें कि अधिक पानी भराव न हो। सप्ताह में एक बार जैविक खाद देने से पौधे की वृद्धि अच्छी होती है। खीरे की बेल को सहारा देने के लिए लकड़ी या तार की जाली का उपयोग करें, ताकि बेल ऊपर चढ़ सके और फल अच्छे आकार में विकसित हों। लगभग 35 से 45 दिनों में पौधे पर फूल आने लगते हैं और फिर खीरे बनने शुरू हो जाते हैं। समय-समय पर पके हुए खीरे तोड़ते रहें।











