गर्मियों का मौसम आते ही सब्जियों के दाम तेजी से बढ़ने लगते हैं। टमाटर, मिर्च, धनिया, खीरा, लौकी जैसी रोज इस्तेमाल होने वाली चीजें अचानक महंगी हो जाती हैं। ऐसे में हर घर का बजट बिगड़ जाता है। लेकिन अगर हम चाहें, तो इन महंगी सब्जियों को घर पर ही आसानी से उगा सकते हैं। इससे पैसे की बचत भी होती है और हमें ताजी, बिना जहर वाली सब्जियां भी मिलती हैं।
आजकल लोग छत, बालकनी, आंगन या खिड़की के पास छोटे गमलों में सब्जियां उगा रहे हैं। इसके लिए ज्यादा जगह या खर्च की जरूरत नहीं होती। थोड़ी मेहनत और सही जानकारी से कोई भी व्यक्ति घर पर सब्जी उगा सकता है।
टमाटर
गर्मियों में टमाटर सबसे ज्यादा महंगा हो जाता है। लेकिन इसे घर पर उगाना बहुत आसान है। इसके लिए आपको टमाटर के बीज या पके हुए टमाटर से निकाले गए बीज चाहिए। एक गमले में मिट्टी भरकर उसमें बीज डाल दें। रोज थोड़ा पानी देते रहें। 20 से 25 दिनों में पौधा बड़ा होने लगेगा और 50 से 60 दिनों में टमाटर आने लगेंगे।
हरी मिर्च
हरी मिर्च के बिना खाना अधूरा लगता है। यह भी गर्मियों में काफी महंगी हो जाती है। मिर्च को गमले में उगाना बहुत आसान है। इसके लिए हल्की मिट्टी और धूप वाली जगह जरूरी है। बीज बोने के बाद नियमित पानी दें। कुछ ही दिनों में पौधा निकल आएगा और 40 से 50 दिनों में मिर्च मिलने लगेगी।
धनिया
धनिया हर घर में रोज़ इस्तेमाल होता है। बाजार में यह कभी-कभी बहुत महंगा मिल जाता है। घर पर धनिया उगाने के लिए साबुत धनिया के बीज लें और हल्की मिट्टी में बो दें। रोज पानी दें और 10 से 15 दिनों में हरा धनिया तैयार हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- Kitchen Garden: बालकनी में उगाने के लिए 5 बेहतरीन सब्जियां
पुदीना
पुदीना गर्मियों में बहुत फायदेमंद होता है। इससे शरबत, चटनी और रायता बनाया जाता है। पुदीना उगाने के लिए उसकी एक छोटी टहनी लें और गमले में लगा दें। थोड़े ही दिनों में नया पौधा निकल आएगा और आप ताज़ा पुदीना तोड़ सकते हैं।
खीरा
खीरा गर्मियों में शरीर को ठंडक देता है और सेहत के लिए अच्छा होता है। बाजार में यह भी महंगा हो जाता है। खीरे के बीज मिट्टी में बोकर पानी देते रहें। इसे ज्यादा धूप चाहिए। 35 से 45 दिनों में खीरे तैयार हो जाते हैं।
लौकी और तोरई
लौकी और तोरई गर्मियों की मुख्य सब्जियां हैं। इन्हें भी घर पर उगाया जा सकता है। इसके लिए थोड़ी ज्यादा जगह चाहिए क्योंकि बेल फैलती है। अगर आपके पास छत या आंगन है, तो आप आसानी से इन्हें उगा सकते हैं।












