सर्दियों का मौसम ताजी, हरी और पोषण से भरपूर सब्जियों का खजाना लेकर आता है। इस समय बाजार में गोभी, मटर, पालक, मेथी जैसी स्वादिष्ट सब्जियां भरपूर मात्रा में मिलती हैं। खासतौर पर गोभी लगभग हर घर में पसंद की जाती है और इससे बनी सब्जी, पराठा, पकौड़े और करी सभी को खूब भाते हैं। लेकिन जैसे ही सर्दियों का मौसम खत्म होता है, बाजार से अच्छी क्वालिटी की गोभी गायब होने लगती है। गर्मियों में मिलने वाली गोभी या तो महंगी होती है या फिर स्वाद और पोषण में अच्छी नहीं होती। ऐसे में अगर आप सर्दियों की ताजी गोभी को लंबे समय तक स्टोर करके रखना चाहते हैं, ताकि सालभर उसका आनंद ले सकें, तो यह आसान तरीका आपके बहुत काम आ सकता है।
सबसे पहले अच्छी गोभी चुनें- स्टोरेज के लिए हमेशा ताजी, हरी और सख्त गोभी ही खरीदें। गोभी पर किसी तरह के काले धब्बे, सड़न या कीड़ों के निशान नहीं होने चाहिए। नरम या पीली पड़ चुकी गोभी जल्दी खराब हो जाती है, इसलिए ऐसी गोभी से बचें। घर लाने के बाद गोभी को साफ पानी से धो लें और बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लें। बहुत छोटे टुकड़े न करें, क्योंकि वे जल्दी सूख या खराब हो सकते हैं।
नमक वाले गुनगुने पानी में भिगोएं- एक बड़े बर्तन में गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा नमक मिलाएं। गोभी के टुकड़ों को इसमें 5 से 7 मिनट तक भिगोकर रखें। इससे कीड़े-मकोड़े और बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं। फिर गोभी को निकालकर अच्छी तरह छान लें। अब गोभी को किसी साफ सूती कपड़े पर फैलाकर रखें और 1 से 2 दिन तक अच्छी तरह सुखाएं। आप चाहें तो हल्की धूप में या पंखे के नीचे भी सुखा सकते हैं। ध्यान रखें कि गोभी पूरी तरह सूखी हो, क्योंकि नमी रहने से वह जल्दी खराब हो सकती है।
एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें- सूख जाने के बाद गोभी को एयरटाइट कंटेनर या जिप लॉक बैग में भरकर फ्रिज के फ्रीजर में रख दें। इस तरीके से गोभी कई महीनों तक सुरक्षित और ताजी बनी रहती है। जब भी जरूरत हो, उतनी ही गोभी निकालें और सामान्य पानी से धोकर सीधे सब्जी या अन्य रेसिपी में इस्तेमाल करें। इसका स्वाद लगभग ताजी गोभी जैसा ही रहता है।












