नींबू का अचार भारतीय खाने की थाली की शान होता है। इसकी खट्टी-मीठी और चटपटी खुशबू खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है। बाजार में मिलने वाले अचार में अक्सर ज्यादा तेल, नमक और केमिकल प्रिज़र्वेटिव होते हैं, जो सेहत के लिए ठीक नहीं होते। ऐसे में घर पर बना नींबू का अचार न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि पूरी तरह शुद्ध और हेल्दी भी होता है। इसे बनाना बेहद आसान है और ज्यादा समय भी नहीं लगता।
सामग्री- इसके लिए 10 से 12 ताजे और रसदार नींबू, 3 चम्मच नमक, 2 चम्मच हल्दी पाउडर, 4 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 5 चम्मच मोटी पिसी सौंफ, 3 चम्मच राई पाउडर, 1 चम्मच मेथी दाना, 1 चुटकी हींग और लगभग आधा कप सरसों का तेल लें।
नींबू को अच्छे से धोकर साफ कपड़े से पोंछ लें ताकि उन पर बिल्कुल भी नमी न रहे। अब नींबू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और उनके बीज निकाल दें। एक बड़े बर्तन में कटे हुए नींबू डालें और उसमें नमक व हल्दी मिलाकर अच्छी तरह मिला दें। इस मिश्रण को ढककर 2 से 3 दिन के लिए धूप में रख दें। रोज़ एक बार चम्मच से चलाते रहें। इससे नींबू नरम हो जाएंगे और उनका कड़वापन खत्म हो जाएगा। अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। जब तेल हल्का ठंडा हो जाए, तब उसमें मेथी दाना डालें। इसके बाद हींग, लाल मिर्च पाउडर, सौंफ और राई पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। यह मसाले का तड़का तैयार हो जाएगा। इस तड़के को नींबू के मिश्रण में डालकर अच्छे से मिला लें।
यह भी पढ़ें- घर पर ऐसे बनाएं फूलगोभी का चटपटा अचार
अब तैयार अचार को किसी साफ और सूखे कांच या चीनी मिट्टी के जार में भर दें। जार को ढक्कन से बंद करके 7 से 10 दिन तक धूप में रखें। रोज़ एक बार जार को हिलाते रहें ताकि मसाले और तेल अच्छी तरह मिलते रहें। कुछ ही दिनों में नींबू का चटपटा, स्वादिष्ट अचार तैयार हो जाएगा। घर पर बना नींबू का अचार कई महीनों तक खराब नहीं होता। इसे दाल-चावल, पराठे, पूरी-सब्ज़ी या सादे खाने के साथ परोस सकते हैं। इसका तीखा-खट्टा स्वाद हर किसी को पसंद आता है।











