आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर मोहल्ले में रहने वाले शमशुल हुदा खान के घर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे छापेमारी की। चार गाड़ियों में सवार 10 से अधिक अधिकारी उसके दो मंजिला मकान पर पहुंचे, ताला तोड़कर अंदर घुसे और जांच शुरू की।
स्थानीय पुलिस ने मोहल्ले में किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। ईडी की टीम ने मकान की नाप-जोख भी की। जानकारी के अनुसार, मौलाना शमशुल हुदा खान वर्ष 2007 से ब्रिटेन में रह रहा है और वर्ष 2013 में उसने भारत की नागरिकता त्यागकर ब्रिटिश नागरिकता ग्रहण कर ली थी।
इसके बावजूद वह वर्ष 2017 तक आजमगढ़ के दारुल उलूम अहले सुन्नत मदरसा अशरफिया मिस्बाहुल उलूम के आलिया सेक्शन में शिक्षक के पद पर कार्यरत रहा और सरकारी वेतन भी लेता रहा। इस मामले में उसके रिश्तेदार करीम खान की शिकायत पर वर्ष 2007 से 2017 तक जिला प्रशासन द्वारा गठित समिति ने जांच की थी। जांच रिपोर्ट में अल्पसंख्यक विभाग के तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई थी और रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी।
जांच में आजमगढ़ में तैनात तत्कालीन संयुक्त निदेशक शेषनाथ पांडेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी साहित्य निकष सिंह (वर्तमान में गाजियाबाद में तैनात), तत्कालीन स्टाफ लालमन (वर्तमान में बरेली में डीएमओ) और प्रभात कुमार (वर्तमान में अमेठी में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी) का नाम सामने आया था। अब इस प्रकरण में ईडी की जांच शुरू हो गई है।

















