रोजाना लाखों लोग ट्रेन से सफर करते हैं। ट्रेन का सफर सस्ता और सुविधाजनक होता है, लेकिन कई बार सबसे बड़ी परेशानी ट्रेन की देरी बन जाती है। कभी मौसम खराब हो जाता है, कभी ट्रैक पर तकनीकी समस्या आ जाती है, तो कभी सिग्नल फेल होने के कारण ट्रेन घंटों लेट हो जाती है। ऐसे में यात्रियों का पूरा प्लान बिगड़ जाता है। कई लोग जल्दी में टिकट कैंसिल कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ट्रेन लेट होने पर आपको रिफंड मिल सकता है? जी हां, भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए कुछ नियम बनाए हैं, जिनके अनुसार ट्रेन लेट होने की स्थिति में आप पूरा या कुछ पैसा वापस पा सकते हैं।
रेलवे के नियम के अनुसार, अगर आपकी ट्रेन बोर्डिंग स्टेशन से 3 घंटे या उससे ज्यादा लेट है और आप यात्रा नहीं करना चाहते, तो आप टिकट कैंसिल करके पूरा रिफंड प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि आप ट्रेन के चलने से पहले टिकट कैंसिल कर दें। रिफंड पाने के लिए रेलवे ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों सुविधाएं दी हैं। अगर आपने ऑनलाइन टिकट बुक किया है, तो आप IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर जाकर आसानी से रिफंड के लिए आवेदन कर सकते हैं। सबसे पहले आपको लॉगिन करना होगा, फिर अपनी PNR नंबर डालनी होगी। इसके बाद “Request Refund” का विकल्प चुनें। ट्रेन लेट होने की जानकारी भरें और रिक्वेस्ट सबमिट कर दें। आमतौर पर 72 घंटे के अंदर रिफंड आपके बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाता है। वहीं अगर आपके पास स्टेशन से लिया हुआ टिकट है, तो आप नजदीकी रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आपको अपना ओरिजिनल टिकट और ट्रेन लेट होने का प्रमाण साथ ले जाना होगा। काउंटर पर फॉर्म भरने के बाद टिकट कैंसिल किया जाएगा और रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- PM Kisan की 22वीं किस्त से पहले कर लें ये 3 जरूरी काम, वरना अटक जाएगा पैसा
कुछ जरूरी बातें हमेशा याद रखें। अपने टिकट की डिजिटल या प्रिंट कॉपी संभालकर रखें। ट्रेन की सही स्थिति जानने के लिए रेलवे की ऑफिशियल वेबसाइट या ऐप पर लाइव स्टेटस जरूर चेक करें। अगर ट्रेन 3 घंटे से ज्यादा लेट हो जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है, आप रिफंड के हकदार हैं। अगली बार जब आपकी ट्रेन लेट हो, तो सिर्फ परेशान न हों। सही जानकारी रखें और समय पर आवेदन करके अपना पैसा वापस पा सकते हैं। जागरूक यात्री ही स्मार्ट यात्री होता है।











