श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के पावन अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब दौरे पर हैं। दोपहर बाद प्रधानमंत्री मोदी आदमपुर हवाई अड्डे पहुंचे, जहां उन्होंने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर “श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट” करने की घोषणा करते हुए उसका औपचारिक नामकरण किया।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने लुधियाना स्थित हलवारा वायुसेना स्टेशन पर नवनिर्मित नए नागरिक हवाई अड्डे का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर देश के नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के उपरांत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डेरा सचखंड बल्लां के लिए रवाना हुए, जहां वे डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे, डेरे में संगत के साथ लंगर ग्रहण करेंगे तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित भी करेंगे।

















