पंजाब में वीरवार को पाकिस्तान से भेजी गई हथियारों व हेरोइन की खेप से आशंका पैदा हो रही है कि सीमापार बैठा दुश्मन कोई बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में है। सीमा पार से भेजी गई हथियारों की बड़ी खेप से ऐसा लगता है कि कुख्यात खुफिया एजेंसी आइएसआइ पंजाब का माहौल खराब करने के लिए कोई बड़ी साजिश रच रही है।
हैंड ग्रेनेड व काफी संख्या में पिस्तौल बरामद करके बेशक पुलिस व सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने साजिश को नाकाम कर दिया है, लेकिन भेजी गई हथियारों की खेप को देखते हुए सुरक्षा बलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। अमृतसर में सीमावर्ती क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार युवकों द्वारा छोड़े गए बैग में से हथियार मिलने के बाद इस बात का पता लगाना आवश्यक है कि ये हथियार ड्रोन के माध्यम से किस जगह पर गिराए गए थे।
यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले किन लोगों के संबंध पाकिस्तान में रह रहे तस्करों से हैं। पैसों के लालच में जो लोग हथियार व हेरोइन को ठिकाने लगाने का काम कर रहे हैं उनको सलाखों के पीछे पहुंचाना आवश्यक है। फाजिल्का के गांव तेजा रुहेला में सीमा के पास जिस तरह की पिस्तौलें मिली हैं उससे ऐसा लगता है कि पूरे मामले में किसी बड़े गिरोह का हाथ है।
सुरक्षा एजेंसियों को देखना होगा कि इस तरह के हथियार कहां और किन लोगों को पहुंचाए जाने थे। सीमा पार से हो रही साजिश को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस नाकों की संख्या बढ़ाना भी जरूरी है। ड्रोन के माध्यम से भेजे जाने वाले हथियारों को ठिकाने लगाने वालों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है।

















