भारत-पाकिस्तान सीमा पर हथियारों की तस्करी में अचानक वृद्धि देखने को मिल रही है। कल सोमवार को सीमा पार से आई दो एके-47 राइफलों की बरामदगी के बाद आज पुलिस ने 6 पिस्तौलें, 11 मैगजीन व 111 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
आज मंगलवार को अमृतसर जिला देहाती पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय हथियार तस्करी के नेटवर्क से संबंधित एक तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं। आरोपी का नाम अमरबीर सिंह उर्फ अमर, निवासी डेहरीवाल है। आरोपी के कब्जे से 6 पिस्तौलें, 11 मैगजीन, .30 बोर के 91 कारतूस और 9 एमएम के 20 कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हाल ही में कनाडा से लौटा था और पाकिस्तान-आधारित तस्करों के संपर्क में था।
पुलिस को शक है कि आरोपी पंजाब में अवैध हथियारों की सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा है, जो सीमापार से तस्करी के जरिए अपराधियों तक हथियार पहुंचाने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सीमापार से हथियार और नशे की तस्करी पर सख्त कार्रवाई की दिशा में एक बड़ा कदम है। अमृतसर के एसएसपी (ग्रामीण) मनिंदर सिंह ने कहा कि राज्य में संगठित अपराध और सीमापार तस्करी को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि पंजाब में शांति और सौहार्द बनाए रखा जा सके। दूसरी ओर सीमापार से हथियारों की हो रही तस्करी के मामले चिंता पैदा कर रहे हैं।
सीमा पर बीएसएफ ने दस दिन में पकड़े हथियार –
2 अक्टूबर – फिरोजपुर में दो पिस्तौल व मैगजीन पकड़े।
3 अक्टूबर – तरनतारन में दो तस्करों से दो पिस्तौल व सात कारतूस बरामद किए।
5 अक्टूबर – अमृतसर में एक ड्रोन पकड़ा।
6 अक्टूबर – अमृतसर में दो पिस्टल बरामद।
7 अक्टूबर – तरनतारन में एक पिस्टल बरामद।
9 अक्टूबर – तरनतारन में तस्कर से एक पिस्तौल व दो मैगजीन।
10 अक्टूबूर – पाक सेना द्वारा प्रयोग किए जाने वाले 34 कारतूत पकड़े।
पंजाब पुलिस ने अक्टूबर माह में पकड़े हथियार –
दो अक्टूबर – 12 पिस्टल के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, इनमें से एक नाबालिग।
दो अक्टूबर – 4 हथगोले, एक ग्लाक पिस्टल और 15 कारतूस सहित सेना से बर्खास्त कमांडो व दो गिरफ्तार।
तीन अक्टूबर – चार पिस्टल, 11 कारतूस के साथ नौ गिरफ्तार।
पांच अक्टूबर – पांच पिस्टल के साथ दो गिरफ्तार।
छह अक्टूबर – दो हथगोलों के साथ दो गिरफ्तार।
नौ अक्टूबर – 2.5 किलो आरडीएक्स, आइईडी।
11 अक्टूबर – आठ ग्लाक पिस्तौल सहित तीन गिरफ्तार।
12 अक्टूबर – छह पिस्टल के साथ दो लोग गिरफ्तार।

















