उत्तराखंड । उत्तराखंड राज्य को Wings India 2026 अंतरराष्ट्रीय विमानन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी के दौरान “Best State for Promotion of Aviation Ecosystem” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विकास, नीति समर्थन और विमानन पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में किए गए प्रभावशाली प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार Begumpet Airport, हैदराबाद में आयोजित Wings India 2026 कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू जी एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) के सचिव श्री समीर कुमार सिन्हा जी द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सचिव श्री सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री संजय सिंह टोलिया तथा हेड ऑफ ऑपरेशंस कैप्टन अमित शर्मा उपस्थित रहे।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार माननीय मुख्यमंत्री, श्री पुष्कर सिंह धामी जी के दूरदर्शी नेतृत्व, राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों तथा उत्तराखंड में हेली सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, क्षेत्रीय संपर्क योजना (UDAN) के सफल क्रियान्वयन और विमानन अवसंरचना के निरंतर विकास का प्रतिफल है। यह सम्मान उत्तराखंड को एक उभरते हुए विमानन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
Wings India 2026, भारत का प्रमुख विमानन मंच है, जिसमें देश-विदेश के नीति निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ, निवेशक और विमानन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारक भाग लेते हैं। इस मंच पर उत्तराखंड को मिला यह सम्मान राज्य के लिए गौरव का विषय है और भविष्य में निवेश एवं विकास के नए अवसर खोलेगा।
















