प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) देश के करोड़ों किसानों के लिए एक बहुत ही मददगार योजना है। इस योजना के तहत केंद्र सरकार पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। यह राशि तीन किस्तों में दी जाती है, यानी हर चार महीने में 2000 रुपये सीधे किसानों के बैंक खाते में DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजे जाते हैं। अब किसानों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 22वीं किस्त का पैसा आएगा या नहीं? क्योंकि हर किस्त से पहले लाखों किसानों के खाते में पैसा अटक जाता है। इसकी मुख्य वजह होती है जरूरी जानकारी या दस्तावेजों में कमी। इसलिए अगली किस्त आने से पहले यह जानना जरूरी है कि कहीं आपका नाम उन किसानों की सूची में तो नहीं, जिन्हें पैसे नहीं मिलेंगे।
किन किसानों को नहीं मिलेगा 22वीं किस्त का पैसा- सरकार ने साफ कर दिया है कि इस योजना का लाभ सिर्फ पात्र किसानों को ही मिलेगा। अगर किसी किसान ने जरूरी नियम पूरे नहीं किए हैं, तो उसकी किस्त रोकी जा सकती है। आइए जानते हैं मुख्य कारण-
अगर आपने अभी तक e-KYC नहीं कराया है, तो आपकी किस्त रुक सकती है। सरकार ने e-KYC को अनिवार्य कर दिया है। अगर आपका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, तो DBT के जरिए पैसा ट्रांसफर नहीं हो पाएगा।
कई बार किसान आवेदन में गलत अकाउंट नंबर या IFSC कोड भर देते हैं। इससे पेमेंट फेल हो जाता है। अगर आधार कार्ड और बैंक खाते में नाम अलग-अलग है या स्पेलिंग में फर्क है, तो किस्त रुक सकती है। कुछ मामलों में किसान के जमीन संबंधी दस्तावेज सही नहीं होते या रिकॉर्ड अपडेट नहीं होता। ऐसे में किसान अपात्र घोषित किए जा सकते हैं। अगर जांच में पता चलता है कि किसान योजना की शर्तें पूरी नहीं करता, तो उसका नाम लाभार्थी सूची से हटाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- PM Kisan Yojana: 22वीं किस्त कब आएगी, लिस्ट में नाम है या नहीं, ऐसे करें चेक
हर किस्त से पहले स्टेटस चेक करना क्यों जरूरी है- हर बार किस्त आने से पहले सरकार लाभार्थियों की सूची की जांच करती है। अगर किसी किसान की जानकारी अधूरी या गलत होती है, तो पैसा रोक दिया जाता है। इसलिए जरूरी है कि किसान समय रहते अपना स्टेटस चेक कर लें और अगर कोई कमी हो, तो उसे तुरंत सही करवा लें। इससे आपकी किस्त अटकने से बच जाएगी। पीएम किसान योजना का स्टेटस कैसे चेक करें-अगर आप जानना चाहते हैं कि अगली किस्त आएगी या नहीं, तो आप घर बैठे ऑनलाइन स्टेटस देख सकते हैं।
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। होम पेज पर आपको “Know Your Status” का विकल्प मिलेगा। उस पर क्लिक करें। अब आपको अपना Registration Number डालना होगा। अगर आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर याद नहीं है, तो “Know Your Registration Number” पर क्लिक करें। फिर आधार नंबर या मोबाइल नंबर से अपना रजिस्ट्रेशन नंबर पता करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा भरकर Get Details पर क्लिक करें। इसके बाद स्क्रीन पर आपकी पूरी जानकारी खुल जाएगी। यहां साफ दिखेगा कि आपकी किस्त आएगी या नहीं।
22वीं किस्त कब आएगी- पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त नवंबर में जारी की गई थी। इस हिसाब से अगली यानी 22वीं किस्त फरवरी के आसपास आने की संभावना है। हालांकि सरकार ने अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। अगर आप चाहते हैं कि आपकी 22वीं किस्त बिना किसी रुकावट के आपके खाते में आ जाए, तो अभी से ये काम जरूर कर लें- e-KYC पूरा करें, आधार लिंकिंग जांचें, बैंक खाते की जानकारी सही रखें, जमीन के रिकॉर्ड अपडेट कराएं, नियमित रूप से स्टेटस चेक करें।















