अमृतसर । गत दिनों अमृतसर के विश्व विख्यात श्री हरि मंदिर साहिब के सरोवर में कुल्ला करने व वजू करने का मामला भडक़ गया है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने इस तरह की हरकत करने वाले मुस्लिम युवक की पुलिस को शिकायत दे कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अमृतसर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसजीपीसी ने इस घटना को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए इसे बेहद गंभीर करार दिया है।
बेअदबी की नीयत से ही आया युवक : SGPC की जांच में खुलासा
एसजीपीसी के लीगल एडवाइजर अमनबीर सिंह सियाली ने बताया कि कमेटी ने अपने स्तर पर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की है। जांच के दौरान सामने आया है कि संबंधित मुस्लिम युवक 13 जनवरी को अपने चार दोस्तों के साथ श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचा था और करीब बीस मिनट तक परिसर के भीतर मौजूद रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक बेअदबी की नीयत से ही वहां आया था।
SGPC ने दी लिखित शिकायत
इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए एसजीपीसी ने अमृतसर के पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंप दी है और मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसजीपीसी अधिकारियों से लिखित शिकायत प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। हालांकि फिलहाल पुलिस की ओर से मीडिया को कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
घटना के बाद मांगी माफी
दूसरी ओर, आरोपी युवक ने घटना वाले दिन ही एक वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। वीडियो में युवक ने कहा कि अगर उसकी किसी हरकत या वीडियो से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह इसके लिए खेद प्रकट करता है। युवक का दावा है कि उसका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और उसे धार्मिक मर्यादाओं की पूरी जानकारी नहीं थी। युवक की ओर से दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें वह सिख समुदाय से बार-बार माफी मांगता नजर आ रहा है।

















