केरल के कोल्लम में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के हॉस्टल में दो युवा लड़की एथलीटों की मौत हो गई है। यह घटना 15 जनवरी 2026 को सामने आई। दोनों लड़कियां SAI हॉस्टल में रहकर खेल प्रशिक्षण ले रही थीं।
मौत की खबर कैसे मिली
रिपोर्ट्स के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे जब अन्य छात्राएं मॉर्निंग प्रैक्टिस के लिए उठीं, तो इन दोनों के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। बार-बार नॉक करने और आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। आखिरकार हॉस्टल वार्डन और बाकी लड़कियों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा। अंदर कमरे में दोनों लड़कियां फंदे से लटकी हुई मिलीं। शव तीसरी मंजिल के कमरे में थे। मृतक लड़कियों की पहचान सांद्रा, उम्र 17 साल है। वह कोझिकोड जिले की रहने वाली थी। वह एथलेटिक्स की ट्रेनी थी और 12वीं की छात्रा थी।
वहीं दूसरी लड़की का नाम वैष्णवी है, उम्र 15 साल है। वह तिरुवनंतपुरम जिले की रहने वाली थी। वह कबड्डी खिलाड़ी थी और कक्षा 10 की छात्रा थी। दोनों अलग-अलग जिलों से SAI कोल्लम सेंटर में ट्रेनिंग के लिए आई हुई थीं। रात में दोनों को साथ देखा गया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले में अननैचुरल डेथ का केस दर्ज किया है। कोल्लम सिटी के डिस्ट्रिक्ट पुलिस चीफ किरण नारायणन ने जांच के आदेश दिए हैं। एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है, जिसमें 6 सदस्य हैं। टीम की अगुवाई कोल्लम ईस्ट सर्कल इंस्पेक्टर पुष्पकुमार कर रहे हैं और इसकी निगरानी कोल्लम ACP एस. शेरिफ कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है ताकि मौत का सही कारण पता चल सके। अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कमरा अंदर से बंद था, इसलिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे
घटना के बाद डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। वे वैज्ञानिक तरीके से सबूत इकट्ठा करने की निगरानी कर रहे थे। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि माता-पिता और पूर्व खिलाड़ी पूरी जांच की मांग कर रहे हैं। ओलंपियन अनिल कुमार ने भी कहा है कि बच्चे ऐसे ही सुसाइड नहीं करते, पूरी जांच होनी चाहिए। SAI हॉस्टल में युवा एथलीटों को ट्रेनिंग और रहने की सुविधा मिलती है। यह घटना वहां की व्यवस्था पर सवाल उठा रही है, लेकिन अभी जांच जारी है।











