लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में डॉक्टर रमीज के बाद अब इंटर्न डॉक्टर अदील का मामला सामने आया है। पीड़ित नर्सिंग की छात्रा ने एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस कई दिन से अदील को तलाश रही थी। पुलिस ने अदील को लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया है।
शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण
आरोप है कि अदील ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। इस दौरान उसने फोटो-वीडियो भी बना लिया था। अभियुक्त पीड़िता की वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था।
एफआईआर और तहरीर के विवरण
पीड़िता की तहरीर पर लखनऊ के कैसरबाग थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। पीड़िता ने अपनी तहरीर में कहा है कि डा. अदील से पहले जान पहचान हुई थी। अदील ने पीड़िता से शादी का वादा किया था। इसके बाद अदील, पीड़िता को अपने फ्लैट पर बुलाता था और काफी लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
वीडियो वायरल की धमकी
इस दौरान जब भी पीड़िता ने डॉक्टर अदील से शादी की बात की तब वह इस बात को टाल देता था। काफी समय बीत जाने के बाद जब पीड़िता ने कई बार शादी की बात की तो डॉक्टर अदील उसको धमकी देने लगा। उसने कहा कि अगर वह बार-बार इस तरह शादी के लिए दबाव बनाएगी तो उसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
एफआईआर दर्ज होने के बाद हुआ फरार
एफआईआर दर्ज होने के बाद डॉक्टर अदील फरार हो गया था। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने उसको लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि अदील के खिलाफ दुष्कर्म, जानबूझकर किसी को परेशान करने एवं धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। अब उसको गिरफ्तार कर लिया गया है।
















