देश में करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए पीएफ सिर्फ एक बचत नहीं, बल्कि मुश्किल समय में बड़ी मदद होती है। नौकरी बदलनी हो, मेडिकल इमरजेंसी आ जाए, बच्चों की पढ़ाई या शादी का खर्च हो- पीएफ का पैसा हमेशा काम आता है। लेकिन अब तक इसे निकालना आसान नहीं था। फॉर्म भरना, आधार और बैंक अकाउंट लिंक करना, एम्प्लॉयर वेरिफिकेशन करवाना और फिर कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। छोटी सी गलती होने पर क्लेम अटक जाता और लोगों की टेंशन और बढ़ जाती थी।
अब इस परेशानी को खत्म करने की तैयारी हो रही है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) एक ऐसा सिस्टम लाने वाला है, जिससे पीएफ निकालना यूपीआई से पैसे भेजने जितना आसान हो जाएगा। इस नए सिस्टम के तहत पीएफ खाताधारक किसी भी यूपीआई ऐप से सीधे विड्रॉल रिक्वेस्ट डाल सकेंगे। जैसे ही रिक्वेस्ट जाएगी, EPFO का सिस्टम अपने आप आधार नंबर, बैंक अकाउंट और पीएफ अकाउंट की जानकारी चेक करेगा। अगर सब सही होगा तो क्लेम तुरंत प्रोसेस हो जाएगा। इससे समय बचेगा और क्लेम ट्रैक करना भी आसान होगा।
यह भी पढ़ें- PF खाताधारकों के लिए राहत की खबर, सरकार ने बदले EPFO के नियम
शुरुआत में यह सुविधा BHIM ऐप पर शुरू हो सकती है। पहली बार पूरी रकम निकालना संभव नहीं होगा, बल्कि एक तय सीमा तक ही पैसे निकलेंगे। यह सीमा RBI के यूपीआई नियमों के अनुसार तय की जाएगी, ताकि सिस्टम सुरक्षित रहे और गलत इस्तेमाल न हो। अगर पहला चरण सही ढंग से चलेगा, तो बाद में फोनपे, गूगल पे और पेटीएम जैसे अन्य बड़े यूपीआई प्लेटफॉर्म्स पर भी इसे शुरू किया जा सकता है। EPFO के अनुसार, यूपीआई के जरिए पीएफ निकासी की सुविधा अगले 2-3 महीनों में शुरू हो सकती है। फिलहाल इसका टेक्नीकल फ्रेमवर्क तैयार किया जा रहा है और सिस्टम की टेस्टिंग चल रही है।















