देहरादून। स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती के अवसर पर स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा दून गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद जी के विचारों, मानव सेवा के संदेश और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को समर्पित रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात उद्योगपति अशोक कुमार विंडलास ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह आलोक जी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज तथा जीएस (GS) यूनिवर्सिटी के चेयरमैन अंकित शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन के सचिव अनुज सिंघल रहे। वहीं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र से उद्योगपति श्री श्याम बागरी भी कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मिलित हुए।
मुख्य अतिथि आलोक जी ने स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा की तथा कहा कि स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील क्षेत्र में सरकारों के साथ-साथ सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि-
“अष्टादश पुराणेषु व्यासस्य वचनद्वयम्।
परोपकारः पुण्याय पापाय परपीडनम्॥”
आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में केदारनाथ, बद्रीनाथ सहित अन्य दुर्गम एवं प्रतिकूल क्षेत्रों में मिशन द्वारा निस्वार्थ भाव से संचालित स्वास्थ्य सेवाओं को ईश्वर की कृपा और परमार्थ की सजीव अभिव्यक्ति बताया तथा मिशन को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
जीएस यूनिवर्सिटी के चेयरमैन अंकित शर्मा ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य समाज की दो मूलभूत आवश्यकताएं हैं, और स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन जैसे संगठन इन दोनों क्षेत्रों को सेवा भाव से जोड़कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं, जो अत्यंत प्रशंसनीय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री अशोक कुमार विंडलास ने अपने संबोधन में पिता द्वारा दी गई प्रेरणाओं को स्मरण किया।
स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन के कार्य
स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन के सचिव अनुज सिंघल ने बताया कि मिशन द्वारा दिल्ली, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड के चारधाम एवं सुदूर जनजातीय क्षेत्रों में लगभग निःशुल्क दरों पर चिकित्सा सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 से 2025 तक मिशन द्वारा कुल 28,78,073 पंजीकरण, 14,86,860 लैब टेस्ट, 1,79,652 आपातकालीन उपचार, 89,621 अल्ट्रासाउंड, 22,433 सीटी स्कैन, 13,046 अन्य जाँचें तथा 275 स्पाइन सर्जरी धर्मवाला सेंटर में सफलतापूर्वक की गई हैं।
कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन के उपरांत मिशन में कार्यरत 10 से अधिक डॉक्टरों एवं चिकित्सा कर्मियों को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों द्वारा सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” का गान किया गया। कार्यक्रम का समापन श्री श्याम बागरी द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसके पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर समारोह को राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ पूर्ण किया।

















