देहरादून । अंकिता भंडारी मुद्दे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मीडिया से रूबरू होते हुए स्पष्ट कहा कि हमारी बेटी की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को उम्र कैद की सजा हो चुकी है यदि इसके अलावा भी कोई इसमें दोषी लगता है तो सरकार हर जांच के लिए तैयार है।
मीडिया सेंटर में दिया बयान
एनडीए की रोजगार गारंटी योजना के विषय में मीडिया से बात करने मीडिया सेंटर पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्या का हम सभी को दुख है जब ये घटना हुई उसके तुरंत बाद हमने आई पी एस महिला अधिकारी पी रेणुका के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया था जिसने सभी साक्ष्य जुटाए और कोर्ट में रखे और तीनों आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई गई।
सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रम
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर दो ऑडियो वीडियो क्लिपिंग के आधार पर ये भ्रम फैलाया जाता है कि कोई और भी आरोपी था। या उसमें ये कहा जाता है कि अंकिता की हत्या की फिर ये भी सुना जाता है कि उसने आत्म हत्या की। सीएम धामी ने कहा कि ये कोई ऐसा षड़यंत्र तो नहीं जिससे सजा काट रहे आरोपियों को कोर्ट में फायदा मिल जाएं।
एसआईटी को जरूर जानकारी मिलती
उन्होंने कहा कि यदि कोई और आरोपी होता तो पुलिस की एसआईटी को तीनों आरोपी उसका नाम जरूर बताते।
ऑडियो वीडियो में शामिल लोगों की तलाश जारी
सीएम धामी ने कहा कि पुलिस ने ऑडियो वीडियो में बात करने वालों की तलाश में कोई कसर बाकि नहीं रखी है और उनकी तलाश में सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लोग जल्द पकड़े जाएंगे और इस मामले में छाई धुंध छटेगी और उजाला होगा।
विपक्ष पर भ्रम फैलाने की राजनीति का आरोप
सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष ने भ्रम की स्थितियां पैदा करने की राजनीति की है जो कि देवभूमि राज्य के लिए ठीक नहीं है।
सरकार हर प्रकार की जांच के लिए तैयार
उन्होंने फिर दोहराया कि हमारी सरकार ,जनभावना का आदर करती है और पिछले दिनों नकल मामले में भी हमने स्वयं जाकर सीबीआई जांच की संस्तुति की और अब भी हम ये बात कह रहे है कि हम इस मुद्दे पर किसी भी जांच को कराने के लिए तैयार है।
फोरेंसिक जांच और सबूतों पर मुख्यमंत्री का जोर
पत्रकारों के इस मामले पर एक के बाद आए कई सवालों का सीएम धामी ने जवाब दिया और विश्वास दिलाया कि कोई भी,कितना भी बड़ा आरोपी इस मामले में होगा उसकी जांच सरकार कराएगी उन्होंने कहा ऑडियो वीडियो के जरिए आरोप लगाने भर से कोई विषय साफ नहीं होता उसकी फोरेंसिक जांच होगी और जिनके बीच बातचीत चल रही है या जो भी बोला जा रहा है उसके प्रमाण पुलिस की जांच एजेंसियों को देने होंगे और यदि वो देने नहीं आयेंगे तो पुलिस उन्हें खोज कर सबूत मांगेगी।
उत्तराखंड को एक परिवार बताते हुए भावुक अपील
सीएम धामी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वो देवभूमि जैसे राज्य में भ्रम फैलानी कि राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य एक परिवार है हमने अपने परिवार की एक बेटी को खोया है और उसके हत्यारों को सजा दिलाने के लिए हम सबने मिलकर प्रयास किए है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे भाजपा नेता
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, विधायक दिलीप रावत आदि भी मौजूद रहे।












