KGMU लव जिहाद: किंग जार्ज मेडकिल यूनिवर्सिटी में रेजिडेंट महिला डॉक्टर की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया था कि उसके सीनियर डाक्टर डा रमीजुद्दीन नायक उर्फ रमीज ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाया व बिना सहमति के गर्भपात कराते हुए कन्वर्जन का दबाव बनाया। इसके आधार पर उत्तर प्रदेश विधि विरूद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने डा रमीज के पिता सलीमुद्दीन और उसकी माता खतीजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि डा रमीज के पिता सलीमुद्दीन उम्र लगभग 70 वर्ष उसकी मां खतीजा उम्र लगभग उम्र लगभग 67 वर्ष को शीश तालाब के पीछे ठाकुरगंज जनपद लखनऊ से गिरफ्तार किया गया।
रमीज ने बनाया इस्लामिक कन्वर्जन का दबाव
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले, लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया था। पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ पढ़ने वाले डॉक्टर रमीज ने उस पर कन्वर्जन का दबाव बनाया था। जब पीड़िता ने इंकार कर दिया तो वह मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास किया। उसके बाद यह मामला किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के प्रशासन की जानकारी में आया था।
आरोप है कि अभियुक्त ने पीड़िता को प्रेमजाल में फंसा लिया। पीड़िता का शोषण किया। उसने शादी का भी वादा किया था। जब बात शादी करने की आई तो उसने कन्वर्जन का दबाव बनाया। जब पीड़िता ने कन्वर्जन करने से मना किया तो अभियुक्त ने विवाह से इनकार कर दिया। जब युवक ने शादी से मना कर दिया तो पीड़िता डिप्रेशन में चली गई। पीड़िता के घरवालों ने सीएम के जन सुनवाई पोर्टल और राज्य महिला आयोग में शिकायत की थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों एमडी पैथोलॉजी के छात्र हैं। वर्ष 2025 के जुलाई माह में दोनों की मुलाकात हुई थी। परिजनों का आरोप है पीड़िता काफी डरी हुई है। 17 दिसंबर 2025 को उसने हॉस्टल में दवा की कई गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसके बाद उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। कुछ समय के बाद पीड़िता को क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया। स्वास्थ में सुधार होने के बाद पीड़िता को गत 19 दिसंबर को डिस्चार्ज कर दिया गया था।















