नई दिल्ली: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने चीन को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि चीन की चालबाजियों से जमीनी हकीकत नहीं बदलेगी। अरुणाचल भारत का अभिन्न हिस्सा है और हमेशा रहेगा। विदेश मंत्री ने यह बात पिछले साल नवंबर में अरुणाचल की एक महिला के चीन में उत्पीड़न पर कही है। महिला ने चीन पर आरोप लगाया था कि भारतीय पासपोर्ट होने के कारण चीन के हवाई अड्डे पर उसका उत्पीड़न किया गया। चीनी आव्रजन अधिकारियों ने उसके भारतीय पासपोर्ट को मानने से मना कर दिया था। इस मामले में अब विदेश मंत्री एस जयशंकर चीन पर भड़के हैं और उसे सख्त लहजे में चेतावनी दी है।
चेन्नई में आईआईटी मद्रास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर से जब इस मामले पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि चीन की चालबाजियों से जमीनी हकीकत नहीं बदलेगी। अरुणाचल हमारा है और हमेशा रहेगा।
आतंकवाद पर विदेश मंत्री जयशंकर ने पाक को दी चेतावनी, कहा-देश की सुरक्षा के लिए सबकुछ करेंगे…
उन्होंने कहा कि हमने इस मुद्दे पर चीन के सामने अपना विरोध दर्ज कराया था। साफ कह दिया कि इस तरह की चीजें करने से कुछ भी नहीं बदलने वाला। लेकिन यह एक बड़ा मुद्दा है और लोगों को आवागमन के लिए अंतरराष्ट्रीय नियम, कायदे-कानून हैं और हम चाहते हैं कि देश इनका सम्मान करें। हमारा इस मुद्दे पर दृढ़ रुख रहा। विदेश मंत्री ने इस दौरान पाकिस्तान को आड़े हाथ लिया और कहा कि आपके पड़ोसी बुरे भी हो सकते हैं। अगर हम पश्चिम की तरफ देखें तो पता चलता है कि दुर्भाग्य से हमारे साथ भी ऐसा है। अगर कोई देश जानबूझकर और लगातार आतंकवाद फैलाता है तो हमारे पास भी आतंकवाद के खिलाफ आत्मरक्षा का अधिकार मौजूद है। कई साल पहले हम जल बंटवारा समझौते पर सहमत हुए थे, लेकिन अगर आप दशकों तक आतंकवाद फैलाते हैं तो ये अच्छे पड़ोस वाली बात नहीं है और अगर आप अच्छे पड़ोसी नहीं है तो आप को इसके फायदे भी नहीं मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अगर कोई देश जानबूझकर और लगातार आतंकवाद फैलाता है तो हमारे पास भी आतंकवाद के खिलाफ आत्मरक्षा का अधिकार मौजूद है। हम इसका इस्तेमाल करेंगे।

















