उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे (दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे ) पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बहुत कम थी, और इसी कारण कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसमें चार लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 25 लोग भी घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा कब और कहां हुआ
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा आज सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। जगह है एक्सप्रेसवे का माइलस्टोन 127, जो आगरा-नोएडा लेन पर पड़ता है। यह इलाका मथुरा के बलदेव पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है। कोहरे की वजह से ड्राइवरों को आगे कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। बताया जा रहा है कि घने कोहरे के कारण सबसे पहले तीन कारें आपस में टकराईं। उसके बाद पीछे से आ रही सात बसें इन गाड़ियों से जा भिड़ीं। इन सात बसों में एक रोडवेज बस थी और बाकी छह स्लीपर बसें। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई गाड़ियों में आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग आग में झुलसकर मारे गए।
नुकसान कितना हुआ
अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। करीब 25 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों को मामूली चोटें आई हैं। बहरहाल, हादसे की सूचना मिलते ही लोकल पुलिस, एडमिनिस्ट्रेशन और इमरजेंसी टीम्स मौके पर पहुंच गईं। मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार और एसपी रूरल सुरेश चंद्रा रावत खुद साइट पर पहुंचे। 11 फायर टेंडर लगाए गए और आग पर काबू पा लिया गया है। रेस्क्यू काम लगभग पूरा हो चुका है। मलबा हटाया गया और बाकी बचे यात्रियों को सरकारी गाड़ियों से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।
ट्रैफिक पर असर
हादसे की वजह से एक्सप्रेसवे पूरी तरह ब्लॉक हो गया था। ट्रैफिक को दूसरी तरफ से डायवर्ट किया गया। अब धीरे-धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं। यह हादसा उस दिन हुआ जब पूरे एनसीआर में घना कोहरा छाया था। एक दिन पहले भी कोहरे की वजह से कई एक्सप्रेसवे पर छोटे-बड़े हादसे हो चुके थे।











