मोहाली। पंजाब में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। फायरिंग, हत्या, फिरौती, अपहरण जैसी घटनाएं अक्सर सुनने को मिल रही हैं। ताजा घटनाक्रम में मोहाली में सोहाना गांव में कबड्डी मैच में फायरिंग की बड़ी वारदात हुई है। टूर्नामेंट के प्रमोटर औरराणा बलचौरिया की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि इस कबड्डी कप में पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख के आने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही कबड्डी कप में जमकर फायरिंग हो गई।
जानकारी के अनुसार सेक्टर 82 के ग्राउंड के बैदवान स्पोर्ट्स क्लब सोहाना की तरफ से चार दिन का कबड्डी मैच हो रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाश सेल्फी लेने के बहाने प्रमोटर और कोच राणा बलचौरिया के पास पहुंचे और उनके सिर पर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गए हैं। घायल अवस्था में कोच को इलाज के लिए फोर्टिस में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। मामले में बंबीहा गैंग का हाथ सामने आया है।
फोटो खींचने के बहाने रोका
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जब कोच राणा बलाचौरिया को ग्राउंड से निकलते समय फोटो खींचने के बहाने बाइक सवारों ने रोका तभी बाइक सवारों में से एक ने कोच के चेहरे पर कपड़ा डालकर फायरिंग शुरू कर दी। राणा बलाचौरिया को गोलियां लगीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बंबीहा गैंग का हाथ
एसएसपी का कहना है कि एक व्यक्ति पर फायरिंग की गई है। केस में बंबीहा गैंग का हाथ सामने आया है। एसएसपी ने कहा कि बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने फोटो लेने के बहाने राणा बलाचौरिया पर 6 राउंड फायर किए, जिससे उनकी मौत हो गई है। पुलिस इलाके में लगे कैमरों को चेक कर रही है।
गौरतलब पंजाब में कबड्डी टूर्नामेंटों में गैंगस्टरों व अवैध कमाई करने वालों का हस्तक्षेप बढ़ता ही जा रहा है और इसको लेकर कई खिलाड़ियों की हत्या हो चुकी है।

















