प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के करोड़ों किसानों के लिए एक बड़ी मदद साबित हो रही है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है। अब तक लाखों-करोड़ों किसान इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
सरकार ने पिछले महीने नवंबर में इस योजना की 21वीं किस्त जारी की थी। इसके बाद अब किसान 22वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्र सरकार फरवरी महीने में अगली किस्त जारी कर सकती है। हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से इसकी कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। लेकिन पिछली किस्तों को देखते हुए ऐसा माना जा रहा है कि फरवरी में ही यह राशि किसानों के खाते में आ सकती है। 22वीं किस्त पाने के लिए किसानों को कुछ जरूरी काम समय रहते पूरे करने होंगे। अगर इनमें से कोई भी काम अधूरा रहा, तो किस्त अटक सकती है।
पीएम किसान किस्त न रुकने के लिए करें ये जरूरी 3 काम- सबसे पहला और जरूरी काम है ई-केवाईसी। जिन किसानों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उनकी किस्त रोकी जा सकती है। किसान यह प्रक्रिया पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर ओटीपी के जरिए खुद कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर भी ई-केवाईसी करवाई जा सकती है। दूसरा जरूरी काम है बैंक खाते का आधार से लिंक होना। कई बार आधार लिंक न होने या डीबीटी (Direct Benefit Transfer) बंद होने की वजह से पैसा खाते में नहीं पहुंच पाता। इसलिए किसान अपने बैंक जाकर यह जरूर जांच लें कि उनका खाता आधार से जुड़ा है और डीबीटी चालू है। तीसरा कारण है गलत जानकारी। आवेदन करते समय अगर नाम की स्पेलिंग, आधार नंबर, बैंक खाता संख्या या जमीन के रिकॉर्ड में कोई गलती है, तो किस्त रुक सकती है। ऐसे में किसान को तुरंत अपनी जानकारी सही करवानी चाहिए।
यह भी पढ़ें- कब आएगी PM Kisan की 22वीं किस्त, जल्दी जानें तारीख
किस्त का स्टेटस ऐसे करें ऑनलाइन चेक- किसान अपनी किस्त का स्टेटस भी ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके लिए पीएम किसान वेबसाइट पर जाकर Beneficiary Status सेक्शन में आधार नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर डालना होता है। इससे पता चल जाएगा कि किस्त आ रही है या किसी कारण से रुकी हुई है। अगर आप चाहते हैं कि 22वीं किस्त बिना किसी रुकावट के आपके खाते में आए, तो ऊपर बताए गए सभी जरूरी काम समय पर जरूर पूरे कर लें।














