ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में आतंकी हमला हुआ। यहां के सबसे मशहूर समुद्र तटों में से एक बोंडी बीच पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक गोलियों की आवाजें सुनाई देने लगीं। बीच पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही चारों तरफ भगदड़ का माहौल बन गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ते नजर आए। यहूदी पर्व हनुक्का का जश्न मना रहे लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई।
बोंडी बीच गोलीबारी में 10 लोगों की मौत, पुलिस जांच जारी
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। हालांकि, शुरुआती समय में प्रशासन की ओर से हताहतों की सही संख्या को लेकर पूरी पुष्टि नहीं की गई थी।
गोलियों की आवाजें कुछ देर तक सुनाई देती रहीं, जिससे पूरे इलाके में डर फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही सिडनी पुलिस और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने इलाके को घेर लिया और लोगों से वहां से दूर रहने की अपील की। सिडनी पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की खबरों के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि बोंडी बीच पर हो रही एक गंभीर घटना पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की कि वे उस क्षेत्र से दूर रहें और जो लोग वहां मौजूद हैं, वे किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें। बोंडी बीच पूर्वी सिडनी में स्थित है और ऑस्ट्रेलिया के सबसे प्रसिद्ध समुद्र तटों में गिना जाता है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में तैराक और पर्यटक पहुंचते हैं। खासतौर पर सप्ताहांत के दिनों में यहां काफी भीड़ रहती है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर आज हुए भयावह आतंकी हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं। इस हमले में यहूदी त्योहार हनुक्का के पहले दिन का जश्न मना रहे लोगों को निशाना बनाया गया। भारत की ओर से, मैं उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। दुख की इस घड़ी में हम ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ लड़ाई का समर्थन करता है।”

















