अयोध्या । पूज्य श्री महंत नृत्यगोपाल दास की अध्यक्षता में आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की बैठक हुई। बैठक में प्रतिष्ठा द्वादशी पर प्रस्तावित धार्मिक कार्यक्रम और मंदिर निर्माण से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा की गई। न्यास ने निर्णय लिया कि प्रभु श्रीरामलला अनुजों सहित विराजित स्थल पर एक मंदिर और मंदिर आंदोलन में बलिदान हुए हुतात्माओं के स्मारक का निर्माण किया जाएगा।
प्रतिष्ठा द्वादशी के कार्यक्रम
बैठक में यह तय किया गया कि प्रतिष्ठा द्वादशी के सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम अंगद टीला में आयोजित किए जाएंगे। दिनांक २७ से ३१ दिसम्बर तक श्री राम जन्मभूमि मंदिर में मंडल पूजा का आयोजन होगा। इसके साथ ही श्री रामचरितमानस का संगीतमय अखंड पारायण भी किया जाएगा।
भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम
प्रसिद्ध गायक अनूप जलोटा, सुरेश वाडकर और तृप्ति शाक्य द्वारा भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त कथक नृत्य नाटिका और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। भव्य आयोजनों में प्रभु श्रीराम के गुणगान के लिए कवियों का भी सम्मिलन होगा। इसके लिए कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
मन्दिर निर्माण श्रमिकों का सम्मान
न्यास ने यह भी तय किया कि मंदिर निर्माण में लगे श्रमिक को हिन्दू नववर्ष १९ मार्च को आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। कुल लगभग ४०० श्रमिकों को सांस्कृतिक सम्मान दिया जाएगा।

















