मिर्जापुर । थाना अदलहाट पुलिस ने गुरुवार देर रात मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर गो-तस्कर अफजाल अहमद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। मौके से एक डीसीएम गाड़ी में क्रूरता से बांधकर वध के लिए ले जाए जा रहे 37 गोवंश जीवित बरामद किए गए तथा एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि जनपद में अपराध एवं गो-तस्करी पर अंकुश लगाने तथा इनामिया अपराधियों की धरपकड़ के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी चुनार के दिशा-निर्देशन में थाना अदलहाट की पुलिस टीम को यह बड़ी सफलता मिली।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि रीवा (मध्य प्रदेश) से बिहार की ओर एक डीसीएम में गोवंश ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम ने शेरपुर तिराहे के पास डीसीएम को रोकने का प्रयास किया तो वाहन में सवार दो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर गोली चलाते हुए भागने की कोशिश की।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी अफजाल अहमद पुत्र साबिर अली, निवासी मुरादपुर, थाना सिधौली, जनपद हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के पैर में गोली लगी। वह घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल आरोपी अफजाल को तत्काल पुलिस ने जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

















