नई दिल्ली: डिजिटल दौर में अपनी पहचान के अनधिकृत इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने अपने पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स की व्यापक कानूनी सुरक्षा की मांग की है। इस याचिका पर गुरुवार को जस्टिस मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा की अदालत में सुनवाई हुई।
क्या मांग लेकर कोर्ट पहुंचे सलमान खान?
सलमान खान की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि इंटरनेट पर उनकी तस्वीर, आवाज, डायलॉग और अंदाज का बिना इजाजत इस्तेमाल किया जा रहा है। ई-कॉमर्स वेबसाइटों, एआई चैटबॉट्स और सोशल मीडिया प्लैटफ़ॉर्म्स पर उनके नाम पर फर्जी कंटेंट फैलाया जा रहा है। एप्पल ने एक ऐसा ऐप डाउनलोड करने की अनुमति दी है जो उनके व्यक्तिगत अधिकारों का उल्लंघन करता है। अभिनेता सलमान खान की कानूनी टीम का दावा है कि इस तरह का अनधिकृत उपयोग उपभोक्ताओं को भ्रमित करता है और उनकी ब्रांड वैल्यू को नुकसान पहुंचाता है। इससे सलमान खान की आर्थिक व व्यक्तिगत हानि हो सकती है।

कोर्ट ने क्या कहा?
दिल्ली हाई कोर्ट ने सोशल मीडिया इंटरमीडियरी कंपनियों को निर्देश दिया है कि सलमान खान की याचिका को एक औपचारिक शिकायत के रूप में स्वीकार करें। नियमों के अनुसार 3 दिनों के भीतर कार्रवाई करें। अदालत ने यह भी संकेत दिया कि वह गैर-सोशल मीडिया प्लैटफ़ॉर्म्स के खिलाफ अलग से स्टे ऑर्डर जारी करेगी, ताकि अनधिकृत उपयोग को तुरंत रोका जा सके। वकील संदीप सेठी ने कोर्ट को बताया कि कई सोशल मीडिया पेज, वेबसाइटें और थर्ड-पार्टी अकाउंट लगातार सलमान खान की पर्सनैलिटी का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने फर्जी खबरों, भ्रामक कंटेंट और एआई-जनित दुरुपयोग के उदाहरण भी अदालत के सामने रखे।
सलमान खान से पहले अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन और रजनीकांत अपनी डिजिटल पहचान की सुरक्षा के लिए कानूनी लड़ाई लड़ चुके हैं।











