हमारे देश में पहचान साबित करने के लिए कई दस्तावेजों की जरूरत होती है। इनमें से आधार कार्ड सबसे ज्यादा जरूरी माना जाता है। स्कूल-कॉलेज में एडमिशन से लेकर बैंकिंग, सरकारी योजनाओं, एड्रेस प्रूफ और अलग-अलग तरह की वेरिफिकेशन सर्विसेज में आधार की जरूरत हर समय पड़ ही जाती है।
अक्सर लोगों को आधार में नाम, पता, फोटो या मोबाइल नंबर जैसी जानकारियां अपडेट करवानी पड़ती हैं। पहले कई सारी अपडेट सर्विसेज सिर्फ आधार सेंटर जाकर ही होती थीं। लाइन लगानी पड़ती थी, फॉर्म भरना होता था और दस्तावेज भी जमा करने पड़ते थे। लेकिन अब समय बदल गया है। UIDAI लगातार आधार को और आसान व सुविधाजनक बनाने पर काम कर रहा है। इसी क्रम में एक बड़ी राहत देने वाली सुविधा शुरू की गई है- अब आप घर बैठे ही आधार में मोबाइल नंबर बदल सकते हैं, वह भी बिना किसी दस्तावेज और बिना सेंटर जाए।
मोबाइल नंबर क्यों इतना जरूरी है- आधार से लिंक मोबाइल नंबर आजकल लगभग हर जगह इस्तेमाल होता है। किसी भी वेरिफिकेशन में OTP ही सबसे बड़ा प्रमाण बन चुका है। चाहे बैंक में KYC हो, चाहे सरकारी योजना में रजिस्ट्रेशन या फिर किसी ऑनलाइन सर्विस का उपयोग हर जगह OTP जरूरी है।अगर आपका पुराना मोबाइल नंबर बंद हो गया है, या आधार से लिंक ही नहीं है, तो बैंकिंग रुक जाती है, वेरिफिकेशन में दिक्कत आती है, कई जरूरी एडमिनिस्ट्रेटिव काम अटक जाते हैं, इसी वजह से लोग सिर्फ नंबर अपडेट करवाने के लिए भी आधार सेंटर के बाहर लंबी लाइन में खड़े मिलते थे।
UIDAI की नई सुविधा- UIDAI ने मोबाइल नंबर अपडेट प्रोसेस को बिल्कुल सरल कर दिया है। अब न तो आधार सेंटर जाना होगा और न ही कोई फॉर्म भरने की झंझट। इस नई प्रोसेस के दो मुख्य चरण हैं- OTP वेरिफिकेशन, फेस ऑथेंटिकेशन। सबसे खास बात यह है कि इसमें किसी भी दस्तावेज की जरूरत नहीं पड़ेगी। सिस्टम आपके चेहरे को आधार रिकॉर्ड में मौजूद फोटो से मिला देगा और आपकी पहचान की पुष्टि हो जाएगी। इसके बाद आपका नया मोबाइल नंबर आसानी से अपडेट हो जाएगा। यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए वरदान है जो उम्रदराज हैं, बीमार रहते हैं, गांव या दूर-दराज के इलाकों में रहते हैं, जिनके आसपास आधार अपडेट सेंटर कम हैं। अब उन्हें बार-बार लंबी दूरी तय करके सेंटर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। घर बैठे ऐप के माध्यम से ही पूरा काम मिनटों में हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- आधार में जन्मतिथि और पता कितनी बार अपडेट हो सकता है? जानें पूरा नियम
कैसे करें मोबाइल नंबर अपडेट- सबसे पहले अपने फोन में आधार का ऑफिशियल ऐप डाउनलोड करें। एंड्रॉइड यूजर- गूगल प्ले स्टोर, iPhone यूजर- एप्पल ऐप स्टोर, ऐप इंस्टॉल होने के बाद अपना आधार नंबर डालें।अब ऐप आपको फेस ऑथेंटिकेशन के लिए कैमरा ऑन करने को कहेगा। आपको सिर्फ अपनी चेहरे की हल्की-सी वीडियो कैप्चर करनी होगी। सिस्टम कुछ ही सेकंड में आपका चेहरा आधार रिकॉर्ड से मैच कर देगा। इसके बाद आप अपना नया मोबाइल नंबर दर्ज कर सकते हैं। नंबर डालने के बाद नया OTP आएगा। OTP डालते ही आपका नंबर अपडेट हो जाएगा। संपूर्ण प्रक्रिया बिल्कुल सुरक्षित है क्योंकि इसमें आपके चेहरे की पहचान के आधार पर ही अनुमति दी जाती है।















