पंजाब की पूर्व चीफ़ पार्लियामेंट्री सेक्रेटरी और क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को कांग्रेस पार्टी ने प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई की जानकारी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर अपने सोशल मीडिया के जरिये दी।
गौरतलब है कि बीते दिन डॉ. नवजोत कौर सिद्धू का एक बयान तब तीखे विवाद का कारण बन गया जब उनका वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने कहा था कि “500 करोड़ रुपये लेकर कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनाया जाता है।” बयान के तूल पकड़ने के बाद आज उन्होंने सफाई देते हुए दावा किया कि उनका बयान कांग्रेस के संदर्भ में नहीं था बल्कि उसका गलत मतलब निकाला गया।
लेकिन यह मामला यहीं नहीं रुका। बयान सामने आते ही पंजाब भर में कांग्रेस की किरकिरी और भीतरख़ाने भ्रष्टाचार की चर्चा जोर पकड़ गई। विपक्ष के साथ-साथ कई पुराने कांग्रेस नेताओं ने भी उनके बयान को सही ठहराते हुए कहा कि “कांग्रेस में ऐसा ही होता है।”
लगातार बढ़ते विवाद और पार्टी की फज़ीहत के बाद सोमवार शाम कांग्रेस ने डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को पार्टी की प्राइमरी मेंबरशिप से फ़ौरन निलंबित कर दिया। वहीं, विपक्ष के नेता कांग्रेस की आपसी कलेशबाजज़ी के आनंद ले रहे हैं।
















