बीजापुर (हि.स.) । छत्तीसगढ़ के बीजापुर पश्चिम बस्तर डिवीजन क्षेत्र के थाना भैरमगढ़, जांगला और नैमेड के सरहदी क्षेत्रांतर्गत पोटेनार व कचीलवार के जंगल क्षेत्र में बुधवार को हुई मुठभेड़ में मारे गए सभी 18 नक्सलियों के शव बरामद कर गुरुवार को बीजापुर जिला मुख्यालय लाया गया। इनमें से अब तक 16 नक्सलियों की शिनाख्त हो चुकी है। इन पर एक करोड़ 30 लाख का इनाम घोषित था।
आईजी सुंदरराज पी और एसपी जितेंद्र यादव की प्रेसवार्ता
बस्तर संभाग के आईजी सुंदरराज पी और बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने आज प्रेसवार्ता में मुठभेड़ से संबंधित जानकारी मीडिया से साझा की। उन्होंने बताया कि मारे गए 18 में से 16 नक्सलियों की पहचान हो गई है। इन नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ 30 लाख का इनाम था। इसके साथ ही गंगालूर क्षेत्र से आतंक का पर्याय नक्सली संगठन खत्म हो गया है।
मुठभेड़ में 9 महिला नक्सली शामिल, कमांडर वेल्ला ढेर
बस्तर आईजी ने बताया कि मारे गए 18 नक्सलियों में 09 महिला नक्सली शामिल थीं। इनमें 10 लाख का इनामी नक्सली कमांडर वेल्ला भी है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों की कंपनी नम्बर 2 और कंपनी नम्बर 7 के कई सदस्य इस मुठभेड़ में मारे गए हैं। मुठभेड़ स्थल से कुल 19 हथियार बरामद हुए हैं, जिनमें एके-47, एलएमजी, 303 रायफल और ऑटोमैटिक हथियार शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 19 महीनों में अलग-अलग मुठभेड़ों में प्रदेश में अब तक कुल 469 नक्सली कैडर मारे गए हैं।
आईजी की चेतावनी— समर्पण करें, नहीं तो कार्रवाई जारी रहेगी
उन्होंने नक्सलियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बचे नक्सली जल्द ही आत्मसमर्पण कर दें, नहीं तो सुरक्षाबलों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार, सुरक्षा बलों और बस्तरवासियों की सामूहिक इच्छाशक्ति वामपंथी उग्रवाद के निर्णायक अंत की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। लक्ष्य है—एक शांतिपूर्ण और नक्सल-मुक्त बस्तर।
शहीद जवानों को श्रद्धांजलि
आईजी ने सुरक्षाबलों की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि अभियान के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले तीनों वीर बलिदानी—मोनू बड़दी, दूकरू राम गोंडे और रमेश सोढ़ी—की शौर्यगाथा सदैव प्रेरणा देती रहेगी और बस्तर उनकी निष्ठा एवं बलिदान को सम्मान के साथ याद करेगा।
एसपी बीजापुर का बयान : 30 नक्सलियों की सूचना पर चला अभियान
बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि पश्चिम बस्तर डिवीजन क्षेत्र के थाना भैरमगढ़-जांगला-नैमेड के सरहदी क्षेत्रांतर्गत कचीलवार-पोटेनार के जंगल पहाड़ों में पीएलजीए कंपनी नम्बर 2 के कमांडर वेल्ला मोड़ियम, प्लाटून नम्बर 13 के कमांडर डीव्हीसीएम झितरू ओयाम, डीव्हीसीएम मोटू कवासी के साथ 25–30 नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
24 घंटे चली मुठभेड़, 18 नक्सली ढेर
उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान 3 दिसंबर की सुबह 9 बजे से डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ और सीआरपीएफ कोबरा की संयुक्त टीमों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग हुई, जो 4 दिसंबर की सुबह 8 बजे तक चली। सर्च ऑपरेशन के दौरान पीएलजीए कंपनी नम्बर 2 के इंचार्ज डीव्हीसीएम वेल्ला मोड़ियम सहित 18 नक्सलियों के शव और कई हथियार बरामद हुए।
2025 में अब तक 161 नक्सली ढेर, 546 गिरफ्तार, 560 आत्मसमर्पण
बीजापुर एसपी ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में 161 नक्सलियों को मार गिराया गया। वहीं, 546 नक्सली गिरफ्तार किए गए और 560 ने आत्मसमर्पण किया। जनवरी 2024 से अब तक बीजापुर जिले में कुल 219 नक्सली मारे गए, 1049 नक्सली गिरफ्तार हुए और 790 ने मुख्यधारा में वापसी की।
10 लाख इनामी वेल्ला मोड़ियम का आपराधिक रिकॉर्ड
डीव्हीसीएम वेल्ला मोड़ियम
पदनाम : पीएलजीए कंपनी नम्बर 2 इंचार्ज •
इनाम : 10 लाख रुपये
कुल 44 आपराधिक मामले दर्ज थे।
बड़ी घटनाओं में उसकी भूमिका—
• 2013 : झीरम घाटी हमला
• 2019 : केशकुतुल पुलिस पार्टी हमला
• 2020 : मिनपा जिला सुकमा कैंप हमला
• 2021 : टेकलगुड़ियम मुठभेड़
• 2024 : धरमाराम कैंप हमला
अन्य मारे गए नक्सलियों की सूची व इनाम
- 1. सीवायपीसी रैनु ओयाम, इनाम 8 लाख
- 2. डीव्हीसीएम सन्नू अवलम, कंपनी 7, इनाम 8 लाख
- 3. पीपीसीएम नंदा मिडियम, इनाम 8 लाख
- 4. पीपीसीएम लालू उर्फ सीताराम, इनाम 8 लाख
- 5. पीपीसीएम राजू पूनेम, इनाम 8 लाख
- 6. पीपीसीएम कामेश कवासी, इनाम 8 लाख
- 7. पीपीसीएम लक्ष्मी ताती, इनाम 8 लाख
- 8. पीपीसीएम बंडी माड़वी, इनाम 8 लाख
- 9. पीपीसीएम सुखी लेकाम, इनाम 8 लाख
- 10. पीपीसीएम सोमड़ी कुंजाम, इनाम 8 लाख
- 11. पीएम चंदू कुरसम, इनाम 8 लाख
- 12. पीएम मासे उर्फ शांति, इनाम 8 लाख
- 13. पीएम रीना मरकाम, इनाम 8 लाख
- 14. पीएम सोनी माड़वी, इनाम 8 लाख
- 15. पीएम संगीता पदम, इनाम 8 लाख
बाकी दो नक्सलियों की शिनाख्त जारी है।
मुठभेड़ स्थल से बरामद हथियार और सामग्री
एक एलएमजी, चार एके-47, चार 7.62 एसएलआर, एक 5.56 इंसास, दो .303 रायफल, चार सिंगल शॉट रायफल, दो बीजीएल लांचर, एक मuzzle loading रायफल, रेडियो, स्कैनर, मल्टीमीटर, हैंड ग्रेनेड, सेफ्टी फ्यूज, माओवादी साहित्य, पाउच, नक्सली वर्दी, मेडिकल सामग्री और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

















