सर्दियों का मौसम आते ही लोग अक्सर ऐसी चीज़ों की तलाश में रहते हैं जो शरीर को गर्म रखे, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाए और मौसमी बीमारियों से बचाए। अमरूद के पत्तों से बनी चाय एक ऐसा ही प्राकृतिक उपाय है, जिसे भारत में लंबे समय से घरेलू नुस्खे के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है। अमरूद के पत्तों में विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट्स, टैनिन, एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो इसे सर्दियों की खास चाय बना देते हैं।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाए- सर्दियों में इम्युनिटी कमजोर पड़ जाती है, जिससे सर्दी-जुकाम या फ्लू होने का खतरा बढ़ जाता है। अमरूद के पत्तों की चाय में मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं। इससे शरीर संक्रमणों से लड़ने में सक्षम बनता है।
गले और खांसी की समस्या में लाभ- ठंड के मौसम में खांसी और गले में खराश आम बात है। अमरूद के पत्तों में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो गले के संक्रमण को कम कर राहत देते हैं। यह चाय बलगम को भी बाहर निकालने में मदद करती है।
शुगर कंट्रोल के लिए फायदेमंद- डायबिटीज के मरीजों के लिए यह चाय एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। ये पत्ते ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मदद करते हैं और इंसुलिन की संवेदनशीलता में सुधार लाते हैं। इसलिए डॉक्टर भी इसे प्राकृतिक सपोर्ट के रूप में लेने की सलाह देते हैं।
पाचन तंत्र को मजबूत बनाए- सर्दियों में तेल-युक्त और भारी भोजन अधिक खाया जाता है, जिससे गैस, अपच और कब्ज जैसी समस्या बढ़ जाती है। अमरूद के पत्तों की चाय पाचन को दुरुस्त रखती है और पेट को हल्का महसूस कराती है। यह चाय खाए गए भोजन को सही ढंग से पचाने में मदद करती है।
यह भी पढ़ें- सर्दियों में क्यों खाना चाहिए चना-गुड़? जानिए 7 बड़े फायदे
वजन कम करने में मददगार- यह चाय मेटाबॉलिज्म को तेज करती है, जिससे फैट बर्निंग तेजी से होती है। नियमित रूप से सेवन करने पर वजन कम करने वालों को अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। साथ ही यह शरीर में जमा टॉक्सिन को बाहर निकालकर शरीर को डिटॉक्स भी करती है।
दांत और मसूड़ों की सुरक्षा- अमरूद के पत्ते दांतों और मसूड़ों के लिए भी बेहद लाभकारी हैं। अगर इस चाय को गुनगुने पानी की तरह गरारा कर इस्तेमाल किया जाए तो मसूड़ों की सूजन और दांत दर्द में राहत मिलती है। यह बैक्टीरिया को समाप्त कर सांस को भी ताजा रखती है।
त्वचा को स्वस्थ बनाए- सर्दियों में त्वचा रूखी और बेजान हो जाती है। अमरूद के पत्तों में एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं, जो त्वचा की कोशिकाओं की मरम्मत करते हैं और झुर्रियां आने से रोकते हैं। यह त्वचा को अंदर से चमकदार बनाता है।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)
















