सर्दियों का मौसम आते ही हमारे खान-पान में काफी बदलाव आ जाता है। शरीर को गर्माहट और ताकत देने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन बढ़ जाता है। इसी वजह से पुराने समय से घरों में चना और गुड़ खाने की परंपरा रही है। यह एक साधारण सा नाश्ता जरूर है, लेकिन इसके फायदे किसी टॉनिक से कम नहीं। चना और गुड़ दोनों ही किफायती होने के साथ-साथ पोषण से भरपूर हैं। आइए जानते हैं सर्दियों में इन्हें एक साथ खाने के लाभ-
शरीर को गर्माहट देता है- सर्दियों में ठंड की वजह से शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा और गर्मी की जरूरत होती है। गुड़ शरीर को अंदर से गर्म रखता है और चना उसमें प्रोटीन की मात्रा बढ़ाता है। इसलिए यह संयोजन ठंड से बचाने में काफी मददगार है।
खून की कमी दूर करता है- गुड़ में आयरन भरपूर होता है, जो खून बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी माना जाता है। वहीं चना भी आयरन और फॉलिक एसिड का अच्छा स्रोत है। इसलिए दोनों को साथ खाने से हीमोग्लोबिन बढ़ता है और एनीमिया की समस्या में राहत मिलती है।
पाचन को मजबूत करता है- चना फाइबर से भरपूर होता है, जो पेट साफ रखने और कब्ज दूर करने में मदद करता है। गुड़ भी पाचन को बेहतर बनाता है और भोजन को आसानी से पचाने में सहायता करता है। इससे गैस, एसिडिटी और पेट दर्द की समस्या भी कम होती है।
वजन घटाने में मददगार- अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो चना और गुड़ बहुत फायदेमंद हैं। चना पेट को देर तक भरा रखता है, जिससे बार-बार खाने की आदत कम होती है। गुड़ मीठे की क्रेविंग शांत करता है और एनर्जी भी देता है, लेकिन चीनी की तरह नुकसान नहीं पहुंचाता।
यह भी पढ़ें- 6 बीमारियों को करना है दूर तो रोजाना खाएं अलसी के बीज
इम्यूनिटी बढ़ाता है- सर्दियों में सर्दी-जुकाम और संक्रमण की संभावना ज्यादा होती है। चने में प्रोटीन और मिनरल्स होते हैं, जबकि गुड़ में एंटीऑक्सीडेंट और वे सभी तत्व मौजूद रहते हैं, जो शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं। इससे मौसम के रोगों से बचाव होता है।
हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है- चना प्रोटीन और कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत है, जिससे हड्डियाँ मजबूत होती हैं और मांसपेशियों को ताकत मिलती है। इसलिए बढ़ते बच्चों, युवाओं और जिम करने वालों के लिए यह बेहद उपयोगी है।
त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद- गुड़ खून को साफ करता है, जिससे त्वचा ग्लोइंग रहती है और पिंपल्स कम होते हैं। चने में मौजूद प्रोटीन और विटामिन बालों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं और हेयर फॉल भी कम होता है।
कैसे करें सेवन- सुबह के नाश्ते में भुना चना और छोटा टुकड़ा गुड़ खाएं, रात के खाने के 2 घंटे बाद भी ले सकते हैं।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)

















