वाराणसी । वाराणसी जिले में मिर्जामुराद थाना क्षेत्र की एक युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर धर्म छिपाकर जबरदस्ती शादी करने के आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सीतापुर निवासी युवक नसीम ने सोशल मीडिया पर अजय कुमार के नाम से फर्जी आई बना रखी थी। नसीम द्वारा कन्वर्जन को लेकर भी दबाव बनाया गया।
पीड़िता की मां की तहरीर पर मामला प्रकाश में आया
पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर दिया तब मामला प्रकाश में आया। 29 अगस्त को नसीम युवती को अपने साथ झांसा देकर भगा ले गया था। युवती द्वारा परिजनों को बताया गया था कि युवक हिंदू है। लेकिन बाद में जब राज खुला तो युवती ने विरोध शुरू कर दिया। पीड़िता किसी तरह से अभियुक्त नसीम के चंगुल से भागकर कुछ दिनों पहले घर आ गई और परिजनों को पूरी दास्तान बताई।
नसीम के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
नसीम के खिलाफ धारा 87/64(2)/82(2)/115(2)/138 बी.एन.एस. तथा धारा 3/5(1) उ0प्र0 विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध (संशोधित अधि० 2024) में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त पेशे से ट्रक चालक है तथा इंस्टाग्राम के माध्यम से ही पीड़िता से संपर्क में आया था। दोनों के बीच निरंतर बातचीत होने पर अभियुक्त ने उसके प्रति निकटता बढ़ाई।
अभियुक्त ने स्वीकार की फर्जी पहचान और धर्म छिपाने की बात
अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह मुस्लिम है, किन्तु लड़की का विश्वास जीतकर विवाह करने की नीयत से उसने अपनी वास्तविक पहचान छिपाते हुए “अजय” नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई, ताकि वह स्वयं को हिन्दू समुदाय का प्रदर्शित कर सके। उसके अनुसार, वास्तविक धर्म बताने पर लड़की विश्वास नहीं करती, इसलिए उसने भ्रामक पहचान का सहारा लिया।
विवाह का दावा और कन्वर्जन की मंशा
अभियुक्त ने यह भी बताया कि दोनों ने विवाह किया था तथा उसकी मंशा थी कि विवाह उपरांत लड़की उसके मजहब को अपना लेगी। उसने स्वीकार किया कि “अजय” नाम से उसके पास कोई वैध पहचान पत्र/आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है। वाराणसी वह पीड़िता से मिलने आया था, उसी दौरान पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया।

















