कॉमेडियन कुणाल कामरा ने सोशल मीडिया पर आरएसएस से संबंधित आपत्तिजनक फोटो शेयर की है। फोटो में वह एक टी-शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं, जिस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का मजाक उड़ाया गया है। बीजेपी ने इस पोस्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते इसे अपमानजनक और भड़काऊ बताया है। इसको लेकर महाराष्ट्र के मंत्रियों ने मंगलवार (25 नवंबर) को तथाकथित स्टैंड-अप कॉमेडियन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दी।
आरएसएस लिखे टी-शर्ट पर कुत्ते की पेशाब करते हुए छवि
महाराष्ट्र के मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि पुलिस ऑनलाइन आपत्तिजनक कंटेंट शेयर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। वहीं, कामरा ने सोमवार (24 नवंबर) को एक्स पर शेयर किए गए अपने विवादित पोस्ट को लेकर स्पष्ट किया कि आरएसएस वाली फोटो किसी कॉमेडी क्लब में नहीं खींची गई थी। हालांकि, फोटो में आसानी से ‘आरएसएस’ लिखा हुआ पढ़ा जा सकता है। जिस तरह से कामरा ने टी-शर्ट पर कुत्ते की पेशाब करते हुए छवि को दर्शाया है उससे उनकी आरएसएस के प्रति घृणा दिखाई दे रही है।
शिवसेना ने भी दी चेतावनी
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना शिंदे गुट के नेता संजय शिरसाट ने इस विवाद पर कहा कि आरएसएस को कॉमेडियन के पोस्ट का कड़ा जवाब देना चाहिए। कामरा इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ आलोचनात्मक टिप्पणी कर चुके हैं। शिरसाट के शब्दों में, “इससे पहले कामरा ने प्रधानमंत्री मोदी और एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा था और अब उन्होंने सीधे आरएसएस पर हमला करने की हिम्मत की है। बीजेपी को इसका जवाब देने की जरूरत है।”
क्या है कामरा-शिंदे विवाद?
यह पहली बार नहीं है जब कामरा को लेकर विवाद छिड़ गया है। इस साल मार्च में स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर अभद्र टिप्पणी वाला एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसके बाद शिवसैनिकों ने मुंबई के खार इलाके में स्थित स्टूडियो में तोड़फोड़ की थी। इसको लेकर कामरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस पर आदित्य ठाकरे और संजय राउत ने कामरा का समर्थन किया था। दरअसल, कॉमेडियन ने तब फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक गाने के बोल बदलकर शिंदे पर कटाक्ष किया था। इस वीडियो को शिवसेना नेता संजय राउत ने एक्स पर पोस्ट करते हुए ‘कुणाल का कमाल’ लिखा था।
कामरा के खिलाफ पहले भी दर्ज हो चुका है केस
कामरा-शिंदे विवाद में मुंबई के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ बीएनएस की धारा 353(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिवसेना के विधायक मुरजी पटेल ने MIDC पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था और कामरा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उस दौरान शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने कहा था कि वो कुणाल को महाराष्ट्र ही नहीं पूरे हिंदुस्तान में घूमने नहीं देंगे।
अर्णब गोस्वामी को घेरा था
कुणाल कामरा ने इंडिगो की एक फ्लाइट में प्रसिद्ध पत्रकार अर्णब गोस्वामी को घेरा था। उन्हें उकसाने की कोशिश की थी, जिसका वीडियो कामरा ने खुद सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसके बाद इंडिगो एयरलाइंस ने उन्हें छह माह के लिए उड़ान से प्रतिबंधित किया था।

















