बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद बिहार बीजेपी ने एक अहम फैसले में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नया नेता चुन लिया है। इसके साथ ही विजय सिन्हा को डिप्टी लीडर बनाया गया है। ये फैसले विधायक दल की बैठक में लिए गए हैं।
इसको लेकर BJP MP जनार्दन सिंह सिग्रीवाल कहते हैं कि लेजिस्लेचर पार्टी की मीटिंग में हम अपना लीडर चुनते हैं और पार्टी के अगले कदमों की ओर बढ़ते हैं। ये मीटिंग पूरी तरह से एक प्रकार का कानूनी प्रक्रिया को पूरा करने का हिस्सा है। कल शपथ ग्रहण समारोह होगा।
एक मज़बूत लीडरशिप जोड़ी
इस बीच उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इस जोड़ी की तारीफ़ करते हुए इसे “फिट और हिट दोनों” करार दिया। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी को बिना किसी विरोध के लेजिस्लेचर पार्टी का लीडर चुना गया, जबकि विजय कुमार सिन्हा उनके साथ डिप्टी चीफ मिनिस्टर की भूमिका में शामिल हुए, जिससे बिहार में लीडरशिप टीम मज़बूत हुई।
गौरतलब है कि इस बार के बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की सबसे अधिक सीट जीतने वाली सिंगल पार्टी है। उसने कुल 89 सीटों पर जीत दर्ज की। उसके बाद एनडीए के घटक दल जेडीयू ने 85 सीटों पर जीत हासिल की। इसके बाद चिराग पासवान की एलजेपी ने 19 सीटों, जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवामी मोर्चा ने 5 और आरएलएम ने 4 सीटों पर जीत हासिल की है। इस तरह से एनडीए के पांच पांडवों ने 243 विधानसभा सीटों में से 202 पर जीत हासिल की है।

















