श्री राम जन्मभूमि विवाद में पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने कहा है कि वह 25 नवंबर को होने वाले ध्वजारोहण समारोह में शामिल होंगे। ट्रस्ट की तरफ से उनको फोन पर निमंत्रण भेजा गया है। इकबाल अंसारी का कहना है कि देश के मुसलमानों ने उच्चतम न्यायालय के फैसले को स्वीकार कर लिया है। जिन लोगों की मंदिर में आस्था है उन्हें मंदिर मिल गया है। अब ध्वजारोहण समारोह होने जा रहा है सभी लोग खुश हैं।
श्री राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि 25 नवंबर को ध्वजारोहण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 4 घंटे तक अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री सप्त ऋषि मंदिर में प्रार्थना करेंगे।
सप्तऋषि मंदिर में सात ऋषियों की मूर्ति स्थापित की गई है। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं वैदिक आचार्यों के द्वारा विशेष पूजन किया जाएगा. इसके बाद प्रधानमंत्री शेषावतार मंदिर में दर्शन करेंगे। 11 बजकर 58 मिनट पर प्रधानमंत्री धर्म ध्वजा फहराएंगे. शुभ मुहूर्त 11 बजकर 58 मिनट का है. इसी समय पर प्रधानमंत्री ध्वजा पताका फहराएंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री देश को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही राम मंदिर के निर्माण कार्य के पूर्ण होने की औपचारिक घोषणा भी की जाएगी।

















