प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आ गई है। लंबे समय से किसान भाइयों को जिस 21वीं किस्त का इंतज़ार था, वह अब खत्म होने जा रहा है। खेतों में फसल कटाई चल रही है, रबी सीजन की तैयारी शुरू हो चुकी है, और ऐसे समय में ज्यादातर किसानों की चिंता यही थी कि दो हजार रुपये वाली अगली किस्त आखिर कब आएगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त 19 नवंबर तक जारी हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी दिन देशभर के किसानों के खातों में अगली किस्त ट्रांसफर करेंगे। इस बार करीब 9 करोड़ किसानों को लगभग 18,000 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। यह रकम सीधे किसानों के बैंक खातों में डाली जाएगी। पिछली यानी 20वीं किस्त 2 अगस्त 2025 को वाराणसी से जारी की गई थी, जिसमें 9.71 करोड़ किसानों को करीब 20,500 करोड़ रुपये भेजे गए थे। उसके बाद से किसानों की उम्मीद थी कि सरकार दिवाली से पहले एक और किस्त दे देगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कई किसान त्योहारों के दौरान बार-बार अपना मोबाइल और बैंक अकाउंट चेक करते रहे, पर किस्त नहीं आई। अब जब सरकार ने आधिकारिक रूप से तारीख तय कर दी है, किसान भाइयों में फिर से नई उम्मीद जग गई है। रबी सीजन की बुआई शुरू हो चुकी है और ऐसे समय में यह रकम किसानों के लिए बहुत मददगार साबित होगी। खाद, बीज, सिंचाई और खेत की तैयारी में यह दो हजार रुपये बड़ा सहारा बनते हैं।
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत किसान परिवारों को साल में 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह रकम तीन बराबर किस्तों में सीधे किसान के बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजी जाती है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को खेती से जुड़े छोटे-बड़े खर्चों में राहत देना है। बीज खरीदना हो, खाद लेना हो या बुआई और जुताई का खर्च। यह सहायता किसानों के लिए काफी उपयोगी होती है। कई किसान यह जानना चाहते हैं कि उनकी किस्त आई या नहीं। आप कुछ ही सेकंड में घर बैठे अपनी किस्त की स्थिति चेक कर सकते हैं-
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। ‘Beneficiary Status’ के विकल्प पर क्लिक करें। अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें। अगर रजिस्ट्रेशन नंबर भूल गए हैं, तो मोबाइल नंबर से भी पता कर सकते हैं। स्क्रीन पर दिख रहे कैप्चा कोड को भरें। सबमिट पर क्लिक करें। इसके बाद आपकी स्क्रीन पर तुरंत यह जानकारी दिखाई देगी कि आपकी किस्त आपके खाते में पहुंच चुकी है या अभी प्रोसेस में है।














