नई दिल्ली । आतंक के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को बांग्लादेशी घुसपैठियों से जुड़े अल-कायदा गुजरात आतंकी साजिश मामले में पांच राज्यों में 10 ठिकानों पर छापा मारा। एनआईए ने गुरुवार को सोशल मीडिय पर विज्ञप्ति जारी कर इस बात की जानकारी दी।
एनआईए के मुताबिक टीमों ने पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मेघालय, हरियाणा और गुजरात राज्यों में चुनिंदा ठिकानों पर विभिन्न संदिग्धों और उनके सहयोगियों से जुड़े परिसरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कई डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्द किए गए और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान
अल-कायदा गुजरात मामला मूल रूप से एनआईए द्वारा जून 2023 में यूए(पी) अधिनियम, आईपीसी और विदेशी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया था। अब तक एनआईए की जांच से पता चला है कि चार बांग्लादेशी नागरिक, जिनकी पहचान मोहम्मद सोजिबमियान, मुन्ना खालिद अंसारी उर्फ मुन्ना खान, अजरुल इस्लाम उर्फ जहाँगीर उर्फ आकाश खान और अब्दुल लतीफ उर्फ मोमिनुल अंसारी के रूप में हुई है, जाली भारतीय पहचान दस्तावेजों का उपयोग करके बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत में घुसपैठ कर आए थे। उनका संबंध प्रतिबंधित अल-कायदा आतंकवादी संगठन से पाया गया।
रची आतंकी साजिश
ये लोग बांग्लादेश में अल-कायदा के गुर्गों के लिए धन इकट्ठा करने और स्थानांतरित करने में शामिल थे, और मुस्लिम युवाओं को सक्रिय रूप से प्रेरित करने में भी शामिल पाए गए।
10 नवंबर 2023 को, एनआईए ने अहमदाबाद स्थित एनआईए विशेष न्यायालय में पाँच आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। भारत और सीमा पार सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क की उपस्थिति, संबंधों और वित्तीय चैनलों का पता लगाने के एनआईए के प्रयासों के तहत मामले की जाँच जारी है।

















