भूटान से लौटने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में हुए विस्फोट के घायलों से मिलने के लिए सबसे पहले लोक नारायण जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल का रुख किया। प्रधानमंत्री का यह कदम इस बात का प्रतीक है कि वे इस दर्दनाक घटना को कितनी गंभीरता से ले रहे हैं। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने घायलों का हालचाल जाना, डॉक्टरों से उनकी स्थिति की जानकारी ली और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
PM मोदी ने घायलों से मुलाकात कर ली स्थिति की जानकारी
पीएम मोदी अस्पताल में करीब 20 से 25 मिनट तक रुके। इस दौरान उन्होंने न केवल घायलों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की, बल्कि यह भी पूछा कि क्या किसी तरह की और सहायता की आवश्यकता है। अस्पताल प्रशासन और अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को विस्फोट से जुड़ी जानकारी दी और बताया कि घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं रखी जा रही है।
दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा- PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स (X) हैंडल पर घायलों से मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने लिखा- “दिल्ली में हुए विस्फोट के दौरान घायल हुए लोगों से मिलने के लिए LNJP अस्पताल गया। सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा हूं। इस साजिश के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।” अस्पताल के बाहर पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए थे। LNJP के आसपास भारी पुलिस बल तैनात था और वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई थी। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने भूटान दौरे के दौरान भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया था। उन्होंने कहा था कि, “मैं यहां बहुत भारी मन से आया हूं। दिल्ली में हुई भयावह घटना ने हम सभी को गहरा दुःख पहुंचाया है। मैं उन परिवारों के दर्द को समझता हूं जिन्होंने यह नुकसान सहा है। पूरा देश उनके साथ एकजुट खड़ा है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि जांच एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं और इस साज़िश के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा था कि रातभर वह एजेंसियों और अधिकारियों के संपर्क में थे और हर जानकारी पर नजर बनाए हुए थे।

















