दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब और दिल्ली से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि ये आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे और दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
खुफिया सूचना पर कार्रवाई
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी के अनुसार, पुलिस को खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली थी कि आईएसआई समर्थित हैंडलर शाहजाद भट्टी अपने साथियों के जरिए भारत में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दिल्ली व पंजाब में कई जगह छापेमारी की। सबसे पहले पंजाब के अमृतसर से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक विदेशी सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि वह पाकिस्तान के हैंडलर्स के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजे गए हथियार और नशीले पदार्थों की खेप हासिल करता था।
शुभदीप से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके दो साथियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल, एक अन्य विदेशी पिस्टल और चार कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली से चौथे आरोपी गगनप्रीत को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि वह दिल्ली के पुलिस स्टेशनों, पुलिस पिकेट्स और प्रमुख धार्मिक स्थलों की रेकी कर चुका था। वह इन स्थानों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेज रहा था। पुलिस के अनुसार, उसे राजधानी में फायरिंग कर दहशत फैलाने का भी टास्क दिया गया था। फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस उनके मोबाइल फोन, बैंक खातों और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस नेटवर्क से जुड़े कुछ और लोगों का भी पता चल सकता है।

















